सेंट्रल पार्क से सीए का अपहरण करने वाले मास्टरमाइंड समेत तीन बदमाश गिरफ्तार

0
31

जयपुर। अशोक नगर स्थित सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आए चार्टर्ड अकाउंटेंट (सीए) राजीव गुप्ता के उनकी ही मर्सिडीज कार में अपहरण के प्रयास का जयपुर दक्षिण डीएसटी, साइबर सेल और अशोक नगर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की टीमों ने एक हजार से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपियों को पकड़ा।

पुलिस के अनुसार आरोपियों पर 20 हजार रुपए का इनाम घोषित था। इनके कब्जे से वारदात में प्रयुक्त दो बाइक, एक इलेक्ट्रिक स्कूटी, नकली पिस्टल और चाकू बरामद किया गया है। फिलहाल आरोपितो से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण राजर्षि राज ने बताया कि 10 सितंबर की सुबह सेंट्रल पार्क में मॉर्निंग वॉक के लिए आए राजीव गुप्ता की मर्सिडीज कार में दो युवक जबरन घुस गए। आरोपियों ने चाकू और नकली पिस्टल दिखाकर उन्हें जान से मारने की धमकी दी और फिरौती वसूलने के इरादे से कार को नाई की थड़ी, आमेर की ओर ले जाने लगे।

चलती कार से कूदे सीए, गड्ढे में गिरी मर्सिडीज

अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित शर्मा के अनुसार बदमाशों ने चलती कार में सीए से मारपीट की और उनका मुंह बांधने का प्रयास किया। बचने के लिए गुप्ता ने चलती कार से कूदने का प्रयास किया और स्टेयरिंग घुमा दिया। इससे मर्सिडीज अनियंत्रित होकर गड्ढे में जा गिरी। आसपास के लोगों को आता देख दोनों आरोपी कार छोड़कर जंगल और पहाड़ी क्षेत्र की ओर भाग गए।

आर्थिक तंगी के चलते रची साजिश

सहायक पुलिस आयुक्त अशोक नगर डॉ. पूनम के अनुसार आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि वे आपस में दोस्त हैं और आर्थिक तंगी के चलते फिरौती वसूलने के लिए अपहरण की साजिश रची थी। वारदात से पहले उन्होंने सेंट्रल पार्क में रेकी भी की थी। पहले प्रयास में सफल नहीं होने के बाद दोबारा वारदात को अंजाम दिया।

मुख्य साजिशकर्ता समेत तीन गिरफ्तार

थानाधिकारी हेमंत जनागल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में चेतन शर्मा उर्फ लाला (24) निवासी पोथली, बस्सी, हाल आगरा रोड, जामडोली; जैनुल खान (23) निवासी नूर नगर, लुनियावास, गोनेर रोड और हनुमान प्रजापत (23) निवासी पोतली, बस्सी शामिल हैं। पुलिस के अनुसार चेतन इस मामले का मुख्य साजिशकर्ता है। उसके खिलाफ खो-नागोरियान थाने में पहले भी अपहरण का मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई में डीएसटी प्रभारी विशंभर, एएसआई प्रेमचंद, हेड कांस्टेबल राजेश कुमार, साइबर सेल के रामसिंह व लोकेश कुमार, कांस्टेबल देवेंद्र कुमार तथा अशोक नगर थाने के कांस्टेबल लक्ष्मण राम की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here