वीएलटीडी और परमिट समस्याओं को लेकर परिवहन मंत्री से मिले ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स

0
49
Transport operators met the Transport Minister regarding VLTD and permit issues.
Transport operators met the Transport Minister regarding VLTD and permit issues.

जयपुर। वीएलटीडी (व्हीकल लोकेशन ट्रैकिंग डिवाइस) के क्रियान्वयन और वाहन परमिट जारी नहीं होने से उत्पन्न समस्याओं को लेकर जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को राजस्थान के उपमुख्यमंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रेमचंद बैरवा तथा परिवहन सचिव भवानी सिंह देथा से सचिवालय में मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल में जयपुर ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष सतीश जैन, संरक्षक रामावतार मोर, राजस्थान ट्रक ट्रांसपोर्ट ऑपरेटर यूनियन के महासचिव सुरेश गुप्ता तथा उपाध्यक्ष कपिल अग्रवाल शामिल थे। उन्होंने परिवहन व्यवसायियों को वीएलटीडी व्यवस्था के क्रियान्वयन और नए वाहन परमिट जारी नहीं होने के कारण आ रही परेशानियों से अवगत कराया।

बैठक के दौरान परिवहन क्षेत्र से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि वर्तमान स्थिति के कारण परिवहन कारोबार प्रभावित हो रहा है और वाहन संचालकों को कई तरह की प्रशासनिक एवं आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा एवं उनके कार्यालय की ओर से प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया गया कि इस विषय पर सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (एमओआरटीएच) के साथ लगातार समन्वय किया जा रहा है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आज शाम तक अथवा गुरुवार तक इस समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

प्रतिनिधिमंडल ने ई-डिटेक्शन के तहत जारी चालानों के लिए एमनेस्टी योजना लागू करने की मांग भी रखी। साथ ही अधिकृत विक्रेताओं के माध्यम से उचित दरों पर वीएलटीडी उपकरण उपलब्ध कराने का आग्रह किया, ताकि परिवहन व्यवसायियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ न पड़े।

उपमुख्यमंत्री ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा उठाए गए सभी मुद्दों को गंभीरता से सुना और उनके सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here