म्यूल हंटर अभियान में साइबर ठगी के रुपये खातों में लेने वाले दो गिरफ्तार

0
48

जयपुर। साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘म्यूल हंटर’ के तहत मुहाना थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए साइबर धोखाधड़ी की रकम अपने बैंक खातों में प्राप्त कर उसे कमीशन के बदले साइबर ठगों को नकद उपलब्ध करवाने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है।

पुलिस उपायुक्त दक्षिण राजर्षि राज आईपीएस ने बताया कि साइबर अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा संदिग्ध बैंक खातों (म्यूल अकाउंट) और साइबर अपराध के हॉटस्पॉट पर कार्रवाई के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त दक्षिण ललित कुमार शर्मा के निर्देशन और सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर हेमेन्द्र शर्मा के निकट सुपरविजन में मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम गठित की गई।

गठित टीम ने तकनीकी संसाधनों और आसूचनाओं के आधार पर संदिग्ध खाताधारकों की जानकारी जुटाई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी साइबर ठगी की रकम अपने खातों में प्राप्त करते थे और इसके बदले कमीशन लेकर रकम साइबर ठगों को नकद उपलब्ध करवाते थे। पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों के ठिकानों पर दबिश देकर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी:

नन्दकिशोर स्वामी (30) पुत्र छोटूलाल स्वामी, निवासी ग्राम मोरला, थाना लाम्बाहरिसिंह, जिला टोंक, हाल किरायेदार, दुकान नंबर एफ-113, राजेश्वरी एग्रोफ्रूट कंपनी, मुहाना मंडी, जयपुर।

विशाल मीना (31) पुत्र राजाराम मीना, निवासी ग्राम खेड़ा वालाजी, थाना नगरफोर्ट, जिला टोंक, हाल किरायेदार, मकान नंबर 79, आनंद विहार, मुहाना, जयपुर।
पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी साइबर ठगी से प्राप्त रकम को अपने बैंक खातों में मंगवाकर कमीशन काटने के बाद साइबर ठगों को नकद उपलब्ध करवाते थे।

पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि उनके बैंक खातों में कितनी रकम आई, किन साइबर ठगों से उनका संपर्क था और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

कार्रवाई करने वाली टीम: मुहाना थानाधिकारी मुकेश कुमार खारड़िया, एएसआई गोपाल लाल, हेड कांस्टेबल कानसिंह, भंवर लाल, कांस्टेबल ओमप्रकाश, रामजी लाल, लादूराम, दामोदर, अन्नाराम, रामप्रकाश, सचिन, तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल लोकेश व रामसिंह तथा साइबर शाखा के कांस्टेबल विमलेश शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here