वन भूमि पर कब्जे के विवाद में दो पक्ष भिड़े, चार गिरफ्तार

0
40
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested
Main Accused Who Swindled ₹11.54 Lakh Using Fake Land Leases Arrested

जयपुर। गलता गेट थाना क्षेत्र के नागतलाई इलाके में वन विभाग की सरकारी भूमि पर कब्जे के विवाद को लेकर एक ही समुदाय के दो पक्षों के बीच हिंसक झड़प हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए और लाठी-डंडों, पत्थरों तथा मुक्कों से एक-दूसरे पर हमला कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में करीब एक घंटे तक तनावपूर्ण स्थिति बनी रही। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात को नियंत्रित किया और कार्रवाई करते हुए चार लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार नागतलाई क्षेत्र में वन विभाग की भूमि को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई थी। देखते ही देखते विवाद ने उग्र रूप ले लिया और दोनों ओर से मारपीट शुरू हो गई। झगड़े के दौरान पत्थरबाजी भी हुई, जिससे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में कई युवक लाठियां लेकर एक-दूसरे पर हमला करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं कुछ लोग पत्थर फेंकते नजर आ रहे हैं। वीडियो में महिलाओं और बच्चों के बीच चीख-पुकार का माहौल भी दिखाई देता है।

वहीं वायरल वीडियो में एक युवक कथित रूप से एक बच्चे का गला पकड़कर उसे धक्का देते हुए दिखाई दे रहा है। इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। हालांकि पुलिस पूरे वीडियो और घटनाक्रम की जांच कर रही है।

झगड़े के दौरान एक महिला ने विरोधी पक्ष पर मारपीट का आरोप लगाया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार महिला जोर-जोर से चिल्लाते हुए अपना हाथ टूटने की बात कह रही थी। घटना के दौरान महिलाओं और बच्चों के मौजूद रहने से क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल बन गया।

स्थानीय लोगों का कहना है कि वन विभाग की सरकारी भूमि पर कब्जे को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। इस संबंध में पहले भी शिकायतें सामने आ चुकी हैं। विवाद का समाधान नहीं होने के कारण रविवार को स्थिति बिगड़ गई और दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हो गया।

सूचना मिलने पर गलता गेट थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था बहाल कराई गई।
गलता गेट थानाधिकारी धर्म सिंह ने बताया कि नागतलाई क्षेत्र में झगड़े की सूचना पर पुलिस टीम मौके पर भेजी गई थी।

मामले में कार्रवाई करते हुए चार लोगों को शांतिभंग के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस वायरल वीडियो सहित पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है तथा आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here