सस्ते टूर पैकेज का झांसा देकर लाखों की साइबर ठगी करने वाले गिरफ्तार

0
45

जयपुर। पुलिस मुख्यालय द्वारा संचालित ‘म्यूल हंटर अभियान’ के तहत जयपुर पश्चिम की बिंदायका थाना पुलिस और साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर सस्ते टूर-ट्रैवल पैकेज का झांसा देकर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से मोबाइल फोन और क्रेडिट कार्ड बरामद किए हैं। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि बिंदायका थाना पुलिस और साइबर सेल ने कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर सस्ते टूर-ट्रैवल पैकेज का झांसा देकर लाखों रुपए की साइबर ठगी करने वाले संगठित गिरोह के शातिर ठग नरेन्द्र सिंह निवासी सिरसी मोड़ जयपुर तथा मोहित सिंह निवासी सत्यम बिंदायका को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो मोबाइल फोन और एक क्रेडिट कार्ड जब्त किया है। मोबाइल फोन की जांच में कई लोगों से की गई साइबर ठगी के महत्वपूर्ण साक्ष्य मिले हैं।

बिंदायका थानाधिकारी विनोद वर्मा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया कि आरोपी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर आकर्षक और बेहद सस्ते टूर पैकेज के फर्जी विज्ञापन पोस्ट करते थे। जब लोग इन विज्ञापनों के झांसे में आकर एडवांस राशि ट्रांसफर कर देते, तो आरोपी उनके फोन उठाना बंद कर देते और मोबाइल नंबर ब्लॉक कर देते थे।

पूछताछ में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी ठगी की रकम के स्रोत को छिपाने के लिए क्रेडिट कार्ड और पेट्रोल पंप संचालकों को कमीशन देकर नकद राशि प्राप्त करते थे। राष्ट्रीय साइबर समन्वय पोर्टल (एनसीआरपी) पर इनके खिलाफ देश के विभिन्न राज्यों से कई शिकायतें दर्ज मिली हैं, जिससे बड़े स्तर पर साइबर धोखाधड़ी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस आरोपियों से उनके नेटवर्क और अन्य साथियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।

पुलिस ने आमजन से अपील की है कि सोशल मीडिया पर दिखने वाले अत्यधिक सस्ते और आकर्षक टूर पैकेजों के झांसे में आने से पहले संबंधित कंपनी या सेवा प्रदाता का सत्यापन अवश्य करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 या राष्ट्रीय साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं।

इस कार्रवाई में एएसआई बाबूलाल, हेड कांस्टेबल सुशीला, तकनीकी शाखा के हेड कांस्टेबल दिनेश कुमार तथा साइबर सेल के कांस्टेबल रोशन कुमार, पूरण मल, जेआर सामोता और महिला कांस्टेबल ममता की सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here