महिला की गोली मारकर हत्या करने वाला इनामी चढा पुलिस के हत्थे

0
38

जयपुर। मानसरोवर थाना पुलिस ने महिला की गोली मारकर हत्या के मामले में पिछले एक वर्ष से फरार चल रहे दस हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपित सुप्रीम कोर्ट से जमानत पर रिहा होने के बाद अदालत में पेश नहीं हुआ था और लगातार ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने प्रतापनगर क्षेत्र से उसे धर दबोचा।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी रामवीर जाटव (30) निवासी खेड़ली जिला अलवर का रहने वाला है। आरोपी मानसरोवर थाने में दर्ज मुकदमे में वांछित था।

डीसीपी ने बताया कि आरोपी सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद संबंधित अदालत में पेश नहीं हुआ। लगातार अनुपस्थित रहने पर अदालत ने उसके खिलाफ स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया। इसके बाद डीसीपी दक्षिण कार्यालय की ओर से आरोपी पर 10 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था।

इसके चलते एसीपी मानसरोवर हेमेंद्र (आरपीएस) के सुपरविजन में मानसरोवर थानाधिकारी सतीश चंद के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। जांच के दौरान सामने आया कि आरोपी अपने परिजनों से भी संपर्क में नहीं था। साइबर सेल की तकनीकी सहायता से उसकी लोकेशन गुजरात के सूरत में एक कपड़े की दुकान पर मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची। लेकिन भनक लगते ही आरोपी फरार हो गया।

इसके बाद फेसबुक, इंस्टाग्राम, मोबाइल लोकेशन और बैंक खातों से जुड़े तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने उत्तर प्रदेश के वृंदावन (मथुरा) में भी दबिश दी। लेकिन आरोपी वहां से भी चकमा देकर भाग निकला। पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण और मुखबिर की सटीक सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात को प्रतापनगर क्षेत्र में घेराबंदी की और आरोपी रामवीर जाटव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपी को अदालत में पेश कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई कर रही है।

पूरी कार्रवाई में मानसरोवर थाने के कांस्टेबल लालसिंह की भूमिका विशेष रूप से सराहनीय रही। टीम में हेड कांस्टेबल घासीराम, हेड कांस्टेबल लोकेश, हेड कांस्टेबल रामसिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here