जयपुर। राजधानी में छठ पर्व की तैयारियां जोरों पर हैं। बिहार और पूर्वांचल से आए प्रवासी परिवारों के लिए सूर्य उपासना के लिए अस्थायी घाटों का निर्माण किया गया हैं। जयसिंहपुरा खोर, आमेर, वीकेआई, शास्त्री नगर, कानोता, सीकर रोड, नांगल जैसा बोहरा में अस्थायी घाट बनाए गए हैं।
सिविल लाइंस के हरिपुरा स्थित पुण्य श्लोका माता अहिल्या बाई होळकर उद्यान के निकट छठ पूजा स्थल का निर्माण किया गया है। सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा ने पूजा स्थल का निरीक्षण किया। छठ पूजा आयोजन समिति के पदाधिकारियों ने गोपाल शर्मा का अभिनंदन किया। गोपाल शर्मा ने नगर निगम के अधिकारियों को छठ पूजन की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए।
उधर, जिला प्रशासन की ओर से गलता जी के घाटों पर सफाई, प्रकाश और पेयजल की विशेष व्यवस्था की जा रही है। जलाशयों के किनारे सुरक्षा के मद्देनजर गोताखोरों और पुलिस बल की तैनाती रहगी। शुक्रवार को भी अधिकारियों ने घाटों का निरीक्षण कर सुरक्षा, प्रकाश और बैरिकेडिंग की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने आवश्यक निर्देश दिए।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष साफ-सफाई और सुरक्षा इंतजाम किए हैं। नगर निगम के अधिकारियों ने बताया कि इस वर्ष प्रवासी समाज की भागीदारी पहले से अधिक रहने की संभावना है। घाटों की सजावट और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन और स्थानीय समितियां तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटी हैं। जयपुर में रहने वाले बिहार, झारखंड और पूर्वांचल के करीब पांच लाख लोग रहते हैं।
यहां होंगे प्रमुख आयोजन
बिहार समाज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पवन शर्मा ने बताया कि छठ महोत्सव के प्रमुख आयोजन गलता तीर्थ, एनबीसी के पीछे दुर्गा विस्तार कॉलोनी, शास्त्री नगर, किशनबाग, दिल्ली रोड, प्रताप नगर, मालवीय नगर, मुरलीपुरा में गणेश वाटिका, आमेर का मावठा, निवारू रोड, कटेवा नगर, माचवा में रॉयल सिटी, आदर्श नगर, बाइस गोदाम, जयसिंहपुरा खोर, सिरसी रोड, विश्वकर्मा, झोटवाड़ा।




















