जयपुर। दुर्गापुरा स्थित खवासजी का बाग कॉलोनी में एक नई लाइब्रेरी के शुभारंभ के पावन अवसर पर बुधवार को ‘पंच कुंडीय गायत्री महायज्ञ’ का भव्य आयोजन किया गया। इस धार्मिक और शैक्षणिक समागम में स्थानीय निवासियों सहित युवाओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लिया।
लाइब्रेरी के उद्घाटन के उपलक्ष्य में आयोजित इस यज्ञ में विशेष रूप से वहां अध्ययन करने वाले युवक-युवतियों ने भाग लिया। युवाओं ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच यज्ञ कुंड में आहुतियां अर्पित कर अपने उज्ज्वल भविष्य और राष्ट्र कल्याण की कामना की। इस दौरान पूरा परिसर गायत्री मंत्र के जयकारों से गुंजायमान हो उठा।
वैद्य सत्यदेव शर्मा, आनंद गौतम और गौरव शर्मा के विशेष सहयोग से आयोजित इस यज्ञ का सफल संचालन चेतना केन्द्र दुर्गापुरा के सुशील कुमार शर्मा एवं राजेश कुमार शर्मा द्वारा विधि-विधान से कराया गया।यज्ञ के साथ-साथ समाज को संस्कारों से जोड़ने के उद्देश्य से बच्चों के ‘अन्नप्राशन संस्कार’ और ‘विद्यारंभ संस्कार’ भी निःशुल्क संपन्न कराए गए।
इस अवसर पर युवाओं को प्रेरित करने के लिए एक विशेष साहित्य स्टाल भी लगाई गई, जिसमें नैतिक मूल्यों, महापुरुषों के जीवन और युवाओं के मार्गदर्शन से जुड़ी पुस्तकें प्रदर्शित की गईं। इस धार्मिक एवं सामाजिक उत्सव को सफल बनाने में स्थानीय प्रबुद्धजनों ने बढ़-चढ़कर सहयोग किया।
कार्यक्रम में सीताराम पुजारी, अशोक प्रजापत, रविमोहन शर्मा, वीरेन्द्र कुमार विजयवर्गीय, सुदेश हाडिया, राज कुमारी शर्मा, पूनम जोशी, संतोष राठौड़ और मंजू गुप्ता सहित कई सेवाभावी नागरिकों ने अपना महत्वपूर्ण श्रमदान देकर सराहनीय भूमिका निभाई।



















