युवक की गला रेतकर हत्या: शराब पार्टी के दौरान विवाद की आशंका

0
37

जयपुर। राजधानी के शिप्रापथ थाना क्षेत्र में त्रिवेणी नगर पुलिया के नीचे एक युवक की गला रेतकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। जहां शुक्रवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस और एफएसएल टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए तथा शव को एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। पुलिस ने परिजनों को सूचना दे दी है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

थानाधिकारी महेंद्र सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान महेश जाटव (30) निवासी शिवपुरी, मध्य प्रदेश के रूप में हुई है। महेश जयपुर के त्रिवेणी नगर क्षेत्र में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करता था।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गुरुवार रात करीब 8 बजे महेश अपने कुछ साथियों के साथ त्रिवेणी पुलिया के नीचे पहुंचा था। यहां मजदूरों की चौखटी (मंडी) लगती है। पुलिस को घटनास्थल से पानी की बोतलें और शराब के खाली पव्वे मिले हैं, जिससे संकेत मिलता है कि युवक अपने साथियों के साथ शराब पी रहा था।

पुलिस का अनुमान है कि शराब पीने के दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो बाद में हिंसक विवाद में बदल गई। इसी दौरान धारदार हथियार से महेश का गला रेतकर हत्या कर दी गई और आरोपी मौके से फरार हो गए।

शुक्रवार सुबह मजदूरों ने पुलिया के नीचे शव पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके का मुआयना कर आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है। हत्या के कारणों और आरोपियों की पहचान अभी तक स्पष्ट नहीं हो सकी है।

पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और उनकी गतिविधियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। एफएसएल टीम ने भी घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए हैं।

पुलिस के अनुसार मृतक नियमित रूप से शराब का सेवन करता था। क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री की भी चर्चा सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस हत्या के सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का दावा कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here