जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष सेवा, सुशासन, विकास और आत्मनिर्भर भारत के स्वर्णिम काल के रूप में दर्ज हुए हैं। उन्होंने कहा कि इन वर्षों में देश ने ऊर्जा, रक्षा, कृषि, स्वास्थ्य, तकनीक और आधारभूत संरचना के क्षेत्र में अभूतपूर्व प्रगति की है।
राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना, किसान सम्मान निधि और आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं से आमजन को सीधा लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि भारत ने चंद्रयान मिशन के जरिए अंतरिक्ष क्षेत्र में नया इतिहास रचा, वहीं ब्रह्मोस और अग्नि जैसी मिसाइलों के स्वदेशी निर्माण से रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ी है।
एसआईआर मामले पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय का उल्लेख करते हुए राठौड़ ने कहा कि न्यायालय ने निर्वाचन आयोग के फैसले पर मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि केवल भारत के नागरिकों को ही लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का अधिकार है और अवैध घुसपैठियों को मतदाता सूची में शामिल करना देशहित में नहीं है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को राजनीतिक बयानबाजी बताते हुए कहा कि अदालत के फैसले के बाद विपक्ष पूरी तरह पराजित हो गया है।
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कोरोना काल में भारत ने स्वदेशी वैक्सीन बनाकर दुनिया के सामने अपनी वैज्ञानिक क्षमता साबित की। वहीं मुद्रा योजना और छोटे उद्योगों को बढ़ावा देकर युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी “वसुधैव कुटुंबकम” और “सर्वे भवन्तु सुखिनः” की भावना के साथ विश्व को शांति और सहयोग का संदेश दे रहे हैं। साथ ही भाजपा राज्यसभा चुनाव की तैयारियों और “वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान” के तहत जल संरक्षण गतिविधियों को भी व्यापक स्तर पर चला रही है।



















