गुल्लक के पैसों से जयपुर से अयोध्या की ‘सीक्रेट ट्रिप’ पर निकले 4 मासूम, यूपी पुलिस ने बस रुकवाकर किया दस्तयाब

0
35

जयपुर। मुहाना इलाके से बुधवार दोपहर अचानक गायब हुए एक ही परिवार के चार मासूम बच्चों को पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उत्तर प्रदेश में सुरक्षित ढूंढ निकाला है। घर में रखे गुल्लक को तोड़कर उसमें से महज 500-700 रुपए लेकर निकले ये बच्चे ट्रेन के जरिए सुल्तानपुर और फिर वहाँ से रोडवेज बस से अयोध्या जा रहे थे। जयपुर पुलिस ने यूपी पुलिस और रोडवेज बस के ड्राइवर से संपर्क साधकर बच्चों को रास्ते में ही सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। गुरुवार सुबह बच्चों के पिता को साथ लेकर जयपुर पुलिस की एक विशेष टीम उत्तर प्रदेश के कुशीनगर और अयोध्या के लिए रवाना हो चुकी है।

मुहाना थानाधिकारी गुर भूपेंद्र ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 2 बजे एक ही परिवार के चार बच्चे ट्यूशन से लौटने के बाद अचानक बिना बताए घर से निकल गए थे। लापता होने वाले बच्चों में एक 13 वर्षीय बालिका और उसकी 9 साल की छोटी बहन,उनके चचेरे भाई की 11 साल की बेटी और 8 साल का बेटा शामिल हैं। शाम तक जब चारों भाई-बहन वापस नहीं लौटे, तो परिजनों के हाथ-पांव फूल गए। रिश्तेदारों और स्थानीय स्तर पर काफी तलाश करने के बाद भी जब कोई सुराग नहीं मिला, तो बदहवास परिजन मुहाना थाने पहुँचे और मामला दर्ज करवाया। वही मामला दर्ज होते ही पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी करवाई और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले।

फुटेज में चारों बच्चे एक साथ मालपुरा गेट की तरफ पैदल जाते हुए दिखाई दिए। रास्ते में वे एक चूड़ी की दुकान पर रुके और फिर आगे चलकर एक ई-रिक्शा के पास खड़े नजर आए। हालांकि, ई-रिक्शा चालकों से पूछताछ में पुलिस को तुरंत कोई सुराग नहीं मिल पाया था। जल्द ही पुलिस को इनपुट मिला कि बच्चे जयपुर रेलवे स्टेशन से ट्रेन पकड़कर उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर पहुँच चुके हैं और वहाँ से अयोध्या के लिए एक उत्तर प्रदेश रोडवेज की बस में सवार हुए हैं।

जयपुर पुलिस ने तुरंत तकनीकी अनुसंधान की मदद से उस रूट पर चल रही बस के ड्राइवर का नंबर निकाला और उससे संपर्क साधा। पुलिस की सूचना पर ड्राइवर ने बस को सुरक्षित स्थान पर रोका, जहाँ मुहाना पुलिस के इनपुट के आधार पर बच्चों को फिलहाल वहाँ रह रहे उनके एक स्थानीय रिश्तेदार के सुपुर्द कर दिया गया।

रोते हुए माता-पिता के आंसुओं में बदली खुशी

बच्चों के अचानक गायब होने से माँ-बाप का रो-रोकर बुरा हाल था और वे किसी अनहोनी की आशंका से कांप रहे थे। लेकिन जैसे ही पुलिस ने फोन पर बच्चों के उत्तर प्रदेश में सुरक्षित मिलने की खबर दी, परिवार के आंसू खुशी में बदल गए। फिलहाल बच्चे सुरक्षित हैं और अब उनका परिवार जयपुर में उनकी सकुशल वापसी का बेसब्री से इंतजार कर रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here