जयपुर। जयपुर में रविवार को भक्ति और सामाजिक चेतना का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री रंगेश्वर महादेव सेवा समिति की ओर से ‘बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ’ अभियान के संदेश के साथ एक विशाल कन्या कावड़-कलश यात्रा का आयोजन अत्यंत धूमधाम से किया गया। इस भव्य यात्रा में 500 कन्याओं ने गलता तीर्थ से पवित्र जल कावड़ में भरा, वहीं 200 महिलाओं ने शीश पर मंगल कलश धारण कर सहभागिता निभाई।
यात्रा का शुभारंभ सुबह 7 बजे गलता गेट से हुआ। इसके बाद यह यात्रा सूरजपोल, रामगंज, त्रिपोलिया, जयलालमुंशी का रास्ता, नाहरगढ़ थाना और बारह भाइयों का चौराहा होते हुए श्री रंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंची। रास्ते भर श्रद्धालुओं और विभिन्न जनप्रतिनिधियों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का भव्य स्वागत किया। कावड़ और कलश लिए कन्याओं व महिलाओं की उपस्थिति से पूरा मार्ग शिव भक्ति के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। मंदिर पहुंचने पर कन्याओं ने पवित्र जल से भगवान शिव का जलाभिषेक कर समाज और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
समिति अध्यक्ष गुंजन वशिष्ठ ने बताया कि इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य धार्मिक अनुष्ठान के साथ-साथ समाज में बेटियों के सम्मान, सुरक्षा और शिक्षा के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि”बेटियों को समाज में समान अवसर और बेहतर शिक्षा उपलब्ध कराना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। समिति भविष्य में भी धार्मिक आयोजनों के साथ ऐसे सामाजिक जागरूकता अभियानों को निरंतर जारी रखेगी।”



















