जयपुर। संत शिरोमणि रविदास जी के 650वें जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में जयपुर महानगर में ‘सामाजिक समरसता गतिविधि’ के अंतर्गत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। श्री हनुमान भक्त मंडल, जयपुर के तत्वाधान में आयोजित इस समारोह में समाज के 107 मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत ‘वंदे मातरम’ के गान और ‘श्री हनुमान चालीसा’ के पाठ के साथ हुई, जबकि समापन राष्ट्रगान से हुआ।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के राजस्थान क्षेत्र के सह क्षेत्र कार्यवाह गेंदालाल ने संत रविदास जी के जीवन और विचारों पर प्रकाश डाला। उन्होंने उपस्थित विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए कहा कि “हम सभी को मिलकर एक समृद्ध समाज की स्थापना करनी है और भारत को विश्व पटल पर सर्वोच्च शिखर पर स्थापित करना है। इसके लिए समाज से जाति भेद और वर्ग भेद को मिटाकर एकजुटता के साथ काम करना होगा।”
समारोह के मुख्य अतिथि राम प्रकाश उदेनिया ने कहा कि होनहार प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए पूरा समाज उनके साथ खड़ा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता गजानंद भूखमारिया ने की, जबकि भंवर लाल शर्मा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
कार्यक्रम में झोटवाड़ा जयपुर शहर के सीबीईओ सुरेश शर्मा ने सामाजिक समरसता पर प्रेरक काव्य पाठ किया, वहीं आशुतोष भट्ट ने देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति से सभी में राष्ट्रीय चेतना का संचार किया। इस अवसर पर राजस्थान क्षेत्र के समरसता संयोजक तुलसी नारायण का पावन सानिध्य भी प्राप्त हुआ।



















