जयपुर। आईपीएल-2026 के पहले चरण में जयपुर को घरेलू मैच नहीं मिलने पर महात्मा गांधी स्वदेश फाउंडेशन ने विरोध जताते हुए मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा के नाम ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने जिला कलेक्टर डॉ. जितेंद्र कुमार सोनी के माध्यम से ज्ञापन देकर बीसीसीआई से वार्ता कर जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में मैच बहाल कराने की मांग की।
फाउंडेशन के प्रदेश अध्यक्ष शकील अहमद के नेतृत्व में दिए गए ज्ञापन में बताया गया कि आईपीएल-2026 के पहले चरण (28 मार्च से 12 अप्रैल) के कार्यक्रम में राजस्थान रॉयल्स के शुरुआती घरेलू मैच बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में तय किए गए हैं, जबकि जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम को कोई मैच नहीं दिया गया है। इससे प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में नाराजगी है।
उन्होंने कहा कि स्टेडियम पूरी तरह तैयार है और टीम के खिलाड़ी 15 मार्च से जयपुर में अभ्यास शुरू करने वाले हैं।
ऐसे में जयपुर में मैच नहीं होने से स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन, होटल उद्योग और रोजगार पर भी असर पड़ेगा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार से बीसीसीआई से बातचीत कर जयपुर में घरेलू मैच बहाल कराने तथा इस संबंध में स्पष्ट जानकारी लेने की मांग की। इस दौरान गोपाल नागोलिया, सैयद मासूम अली, हितेन्द्र सिंह, एडवोकेट वसीम खान, मनोज कुमार अजमेरा, अफजल खान सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।




















