जयपुर। जैन धर्म के 24 वें तीर्थंकर, विश्व वन्दनीय, पूरे विश्व को जीओ और जीने दो का संदेश देने वाले भगवान महावीर का 2625 वां जन्म कल्याणक महोत्सव सोमवार को भक्ति भाव से मनाया जाएगा। इस मौके पर शहर में राजस्थान जैन सभा जयपुर के तत्वावधान में मुख्य आयोजन होगें ।
जहां शोभायात्रा में भगवान महावीर के जीवन चरित्र को दर्शाती ज्ञान वर्धक एवं संदेशात्मक झांकियां होगी , वही पहली बार 24 तीर्थंकरों के स्वर्णिम आभा युक्त 24 रथ पर विराजमान होंगे। रामलीला मैदान में आयोजित धर्म सभा में पहली बार 24 पाण्डुक शिलाओं पर भगवान आदिनाथ से भगवान महावीर तक 24 तीर्थंकरों के अभिषेक के समय एक साथ 2625 चंवर ढुराकर कीर्तिमान बनाएंगे।
सभा के अध्यक्ष सुभाष चन्द जैन व महामंत्री मनीष बैद ने बताया कि प्रातःसाढ़े 6 बजे मनिहारों का रास्ता स्थित महावीर पार्क से मुख्य परामर्शक भानू छाबड़ा एवं मुख्य संयोजक अनिल छाबड़ा के निर्देशन में रामलीला मैदान के लिए विशाल शोभा यात्रा निकाली जाएंगी। शोभायात्रा में एक दर्जन से अधिक ज्ञान वर्धक तथा संदेशात्मक झांकियां शामिल होगी। जिनमें भगवान महावीर के जीवन चरित्र को दर्शाया जावेगा। कई सामाजिक दृश्यों को दर्शाते हुए भी झांकियां सजाई जाएंगी।
मुख्य संयोजक अनिल छाबड़ा ने बताया कि शोभायात्रा में पहली बार 24 तीर्थंकरों के स्वर्ण जडित 24 रथ शामिल होगे जिनके साथ स्थानीय समाज के श्रद्धालु नाचते गाते शामिल होंगे। सबसे पहले भगवान आदिनाथ का रथ तथा अंत में भगवान महावीर स्वर्ण जडित रथ में विराजमान होकर शोभायात्रा में चलेगे।
शोभायात्रा चौडा रास्ता, त्रिपालिया बाजार, बड़ी चौपड, जौहरी बाजार, बापू बाजार, न्यू गेट होते हुए प्रातः साढ़े 9 बजे रामलीला मैदान पहुंचकर धर्म सभा में परिवर्तित हो जाएगी।शोभायात्रा के लिए जिनेन्द्र जैन जीतू, मनीष सोगानी, प्रिया बडजात्या एवं पूनम चांदवाड़ को संयोजक बनाया गया है।
धर्म सभा में समाजश्रेष्ठी विवेक – आशा काला झण्डारोहण करेंगे। दीप प्रज्जवलन समाज श्रेष्ठी सुरेश – ललिता सबलावत करेगें। मुख्य अतिथि के रूप में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, विशिष्ट अतिथि के रूप में सहकारिता राज्य मंत्री गौतम दक, सासंद मंजू शर्मा एवं विधायक कालीचरण सराफ को आमंत्रित किया गया है।




















