रोड जाम कर राजकार्य में बाधा डालने वाले दो आरोपी गिरफ्तार

0
61

जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने राजकार्य में बाधा डालने और सड़क जाम करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने वाहन चेकिंग के दौरान परिवहन निरीक्षक के साथ अभद्रता कर बीच सड़क बस खड़ी कर यातायात बाधित कर दिया था।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) रंजिता शर्मा ने बताया कि 28 मार्च 2026 को परिवहन निरीक्षक देवेंद्र सिंह ने थाने में रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि 27 मार्च को रोटरी सर्किल पर चेकिंग के दौरान बस नंबर AR11L0786 को रुकवाया गया। इस दौरान बस चालक अरुण सिंह और दिनेश कुमार ने गाली-गलौच करते हुए चालान कार्रवाई में बाधा डाली और धक्का-मुक्की की।

आरोपियों ने बस को सड़क के बीचों-बीच खड़ा कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगा दिया, जिससे यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। इस संबंध में थाना ट्रांसपोर्ट नगर में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

इस मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त के निर्देशन में टीम का गठन किया गया। टीम ने 2 अप्रैल को कार्रवाई करते हुए आरोपी अरुण सिंह (35) निवासी करौली और दिनेश कुमार (41) निवासी आगरा (उत्तर प्रदेश) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

लूटपाट करने वाला हिस्ट्रीशीटर गिरफ्तार

ट्रांसपोर्ट नगर थाना पुलिस ने लूट की वारदात का महज 24 घंटे में खुलासा करते हुए एक हिस्ट्रीशीटर आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से लूटा गया सामान भी बरामद किया है।

पुलिस उपायुक्त जयपुर (पूर्व) ने बताया कि 30 मार्च 2026 को परिवादी गुरुदयाल मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे के पास टेम्पो लेकर खड़ा था। इसी दौरान एक युवक आया और जबरन जेब से पर्स निकालकर फरार हो गया। पर्स में 9 हजार रुपए, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज थे। इस पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा मुखबिर की सूचना के आधार पर संदिग्ध की पहचान की।

कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सोहेल कुरैशी (27) निवासी आजाद नगर, ट्रांसपोर्ट नगर को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया।

पुलिस ने उसके कब्जे से लूटा गया सामान बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी नशे का आदी है और नशे की पूर्ति के लिए लूट, चोरी और छिनैती की वारदातों को अंजाम देता था। आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here