हनुमान जयंती पर जयपुर में निकलने वाली भव्य शोभायात्रा पर यातायात व्यवस्था में रहेगा बदलाव

0
35

जयपुर। हनुमान जयंती के अवसर पर 3 अप्रैल (शुक्रवार) को जयपुर शहर में शाम 6 बजे भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा सांगानेरी गेट स्थित हनुमान मंदिर, जौहरी बाजार से प्रारंभ होकर बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, अजमेरी गेट, इंद्रा बाजार, सिंह द्वार, खजाने वालों का रास्ता होते हुए चांदपोल बाजार स्थित हनुमान मंदिर पर सम्पन्न होगी।

शोभायात्रा के दौरान शहर में व्यापक यातायात प्रबंधन लागू रहेगा। प्रशासन ने आमजन से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है। यात्रा मार्ग पर जौहरी बाजार, बड़ी चौपड़, त्रिपोलिया बाजार, छोटी चौपड़, किशनपोल बाजार, इंद्रा बाजार, सिंह द्वार, खजाने वालों का रास्ता एवं चांदपोल बाजार में सभी प्रकार के वाहनों की पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। शोभायात्रा के गुजरने से लगभग 10 मिनट पूर्व संबंधित मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया जाएगा।

रामगढ़ मोड़, रामनिवास बाग, सांगानेरी गेट, अजमेरी गेट और संजय सर्किल से मिनी एवं सिटी बसों सहित हल्के मालवाहक वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इन वाहनों को वैकल्पिक मार्गों—घाटगेट, एमआई रोड, अशोक मार्ग आदि से संचालित किया जाएगा।

शोभायात्रा के विभिन्न चरणों में त्रिपोलिया टी-पॉइंट, रामनिवास बाग, चौगान चौराहा और अजमेरी गेट सहित कई प्रमुख चौराहों से आने वाले यातायात को अलग-अलग मार्गों पर डायवर्ट किया जाएगा। टोंक रोड और रामनिवास बाग की ओर से आने वाले वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

चांदपोल बाजार में शोभायात्रा के प्रवेश से पहले छोटी चौपड़ से चांदपोल गेट के बीच सामान्य यातायात को पूरी तरह डायवर्ट किया जाएगा, ताकि शोभायात्रा सुचारु रूप से निकाली जा सके।

हालांकि, एम्बुलेंस एवं आवश्यक सेवाओं के वाहनों को निर्बाध आवागमन की अनुमति रहेगी। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि शोभायात्रा के दौरान निर्धारित यातायात नियमों का पालन करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग कर असुविधा से बचें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here