जयपुर। चौमूं थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई, जहां वीर हनुमान रोड स्थित एक पुलिया के पास नवजात शिशु का भ्रूण मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में लोग एकत्र हो गए और इस अमानवीय कृत्य को लेकर आक्रोश व्यक्त किया।
थानाधिकारी हरबेन्द्र सिंह ने बताया कि सुबह राहगीरों ने पुलिया के पास कुछ श्वानों को एक संदिग्ध वस्तु नोचते हुए देखा। पास जाकर देखने पर वह नवजात का भ्रूण निकला। यह दृश्य देखकर लोग स्तब्ध रह गए और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।
सूचना मिलते ही चौमूं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालते हुए भ्रूण को कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी है। पुलिस संदिग्धों तक पहुंचने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
साथ ही क्षेत्र के सरकारी व निजी अस्पतालों और नर्सिंग होम से संपर्क कर हाल के दिनों में हुए प्रसव और गर्भपात के मामलों का रिकॉर्ड भी खंगाला जा रहा है। पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।




















