धार्मिक स्थलों पर हाथ साफ करने वाला श्याम बाबू गिरफ्तार

0
47

जयपुर। राजधानी की जामडोली थाना पुलिस ने मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी के पास से मंदिर की चढ़ावे की थाली से चोरी किए गए हजारों रुपए भी बरामद कर लिए हैं। वारदात के महज दो दिन के भीतर ही पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी को धर दबोचा। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है।

पुलिस उपायुक्त (पूर्व) रंजीता शर्मा ने बताया कि जामडोली थाना पुलिस ने मंदिरों को निशाना बनाने वाले एक शातिर चोर वांछित आरोपी श्याम बाबू (46) को पालड़ी मीना इलाके से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी श्याम बाबू कोली मूल रूप से महुवा (दौसा) का निवासी है और वर्तमान में पालड़ी मीना में किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से मंदिर से चुराई गई राशि भी बरामद कर ली है।

थानाधिकारी रतन सिंह कविया ने बताया कि 21 अप्रैल को परिवादी प्रदीप शर्मा ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, जामडोली स्थित प्रसिद्ध गणेश मंदिर में चढ़ावे की थाली में रखे करीब 11-12 हजार रुपए अज्ञात चोर पार कर ले गया था। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक सिंघल और सहायक पुलिस आयुक्त (आदर्शनगर) लक्ष्मी सुथार के सुपरविजन में एक विशेष टीम का गठन किया गया।

टीम ने मंदिर और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। फुटेज में संदिग्ध की पहचान होने के बाद पुलिस ने रेलवे स्टेशनों, बस स्टैंडों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर तलाशी अभियान चलाते हुए आरोपित को चिन्हित किया।

इस त्वरित कार्रवाई में थानाधिकारी रतन सिंह कविया के साथ हेड कांस्टेबल रामसहाय, पवन कुमार और कांस्टेबल अनिल कुमार, पवन कुमार (द्वितीय), सूरज व कृष्ण कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here