मुंबई: टीवी इंडस्ट्री में उभरती प्रतिभाओं के लिए पहचान बनाना आसान नहीं होता, लेकिन नंदिनी ठाकुर ने अपने दमदार अभिनय से यह राह तेज़ी से तय करनी शुरू कर दी है। उनके नए शो तुम देना साथ मेरा में निभाया गया किरदार दर्शकों के साथ-साथ इंडस्ट्री के अनुभवी कलाकारों का भी ध्यान खींच रहा है। खास बात यह है कि उनके सह-कलाकार शब्बीर अहलूवालिया ने उनके प्रदर्शन की खुलकर सराहना की है।
नंदिनी के लिए यह सिर्फ एक कॉम्प्लिमेंट नहीं, बल्कि उनके करियर का एक यादगार मोमेंट बन गया है। वह कहती हैं, “शब्बीर सर जैसे अनुभवी अभिनेता से तारीफ मिलना मेरे लिए बहुत बड़ी बात है। उनका सपोर्ट और गाइडेंस मेरे आत्मविश्वास को और मजबूत करता है।” सेट पर मिला यह सहयोग नंदिनी के अभिनय में भी साफ झलकता है—चाहे वह भावनात्मक सीन हों या किरदार की गहराई।
इस शो के जरिए नंदिनी न केवल अपनी पहचान मजबूत कर रही हैं, बल्कि यह भी साबित कर रही हैं कि सही मौके और सही मार्गदर्शन से नई प्रतिभाएं भी इंडस्ट्री में बड़ी छाप छोड़ सकती हैं। शुरुआती सराहना यही संकेत दे रही है कि नंदिनी का सफर अभी लंबा और बेहद चमकदार होने वाला है।
(अनिल बेदाग)



















