ऑपरेशन गरिमा’ में 4 मनचले गिरफ्तार

0
58

जयपुर। सार्वजनिक स्थलों पर महिलाओं और युवतियों से छेड़छाड़, फब्तियां कसने और पीछा करने जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए जयपुर दक्षिण पुलिस ने विशेष अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण श्री राजर्षि राज के निर्देशन में गुरुवार को “ऑपरेशन गरिमा” के तहत शिप्रापथ थाना इलाके में डिकॉय ऑपरेशन चलाकर 4 असामाजिक तत्वों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही दो दोपहिया वाहन भी जब्त किए गए।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) जयपुर राजर्षि राज आईपीएस ने बताया कि हाल के दिनों में सार्वजनिक स्थानों, पार्कों, बाजारों तथा स्कूल-कॉलेजों के आसपास महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं लगातार सामने आ रही थीं। इन घटनाओं की गंभीरता को देखते हुए 13 मई 2026 को जयपुर दक्षिण क्षेत्र में विशेष अभियान “ऑपरेशन गरिमा” संचालित किया गया।

अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त जयपुर दक्षिण ललित शर्मा आरपीएस के सुपरविजन में सहायक पुलिस आयुक्त मानसरोवर आदित्य काकड़े आईपीएस, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त प्रभारी निर्भया स्क्वॉड रानू शर्मा, कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, शिप्रापथ थानाधिकारी महेंद्र यादव, नारायण
विहार थानाधिकारी गुंजन तथा निर्भया स्क्वॉड की टीमों का गठन किया गया।

पुलिस टीमों ने सार्वजनिक स्थलों पर सादा वर्दी (सिविल ड्रेस) में महिला पुलिसकर्मियों को तैनात कर डिकॉय ऑपरेशन चलाया। इस दौरान बाजारों, पार्कों और स्कूल-कॉलेजों के आसपास महिलाओं पर फब्तियां कसने, पीछा करने और अभद्र व्यवहार करने वाले युवकों की निगरानी की गई। जैसे ही आरोपी हरकत में आए, पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

पुलिस ने कार्रवाई के दौरान चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में नितिन यादव पुत्र राजेन्द्र कुमार यादव निवासी मोहलडिया थाना नीमराणा जिला कोटपूतली-बहरोड़, नीरज महला पुत्र संजय कुमार महला निवासी सेकपुरा झुंझुनूं हाल निवासी मानसरोवर जयपुर, अंकित यादव पुत्र वीरेन्द्र सिंह यादव निवासी बहरोड़ जिला कोटपूतली-बहरोड़ तथा सुरज हाड़ा पुत्र अशोक हाड़ा निवासी नीमोला थाना खातोली जिला कोटा शामिल हैं। आरोपियों की उम्र 18 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला सुरक्षा को लेकर इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे और सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं से अभद्रता करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here