जयपुर। शनि जयंती के अवसर पर धावास स्थित शनि मंदिर में शनिवार को भव्य मेला एवं महाआरती का आयोजन किया गया। मंदिर परिसर श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से सराबोर नजर आया। कार्यक्रम के तहत 1100 दीपों के साथ भव्य महाआरती की गई। मंदिर के पुजारी कैलाश जी महाराज ने विधिवत पूजा-अर्चना कर श्रद्धालुओं को शनि जयंती की शुभकामनाएं दी तथा विश्व शांति और सुख-समृद्धि की कामना की।
मेला संयोजक वरुण टेकवानी ने बताया कि क्षेत्र में पहली बार शनि जयंती के उपलक्ष्य में इतने बड़े स्तर पर मेले का आयोजन किया गया। मेले में बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने विभिन्न झूलों और व्यंजनों का आनंद लिया।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मीठा शरबत, आइसक्रीम और नींबू पानी का वितरण भी किया गया। आयोजन में करीब 5000 से अधिक श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धर्म लाभ प्राप्त किया। कार्यक्रम में भामाशाह सत्यनारायण जांगिड़, छोगालाल शर्मा, अमरचंद कुमावत, जितेंद्र जोशी, विनोद शर्मा सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



















