जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने सूने मकान में हुई लाखों रुपए की चोरी का खुलासा करते हुए दो शातिर नकबजनों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के जेवरात और 93 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं।
पुलिस उपायुक्त जयपुर पश्चिम प्रशांत किरण ने बताया कि दौलतपुरा, हरमाड़ा निवासी सुनील मानावत ने 19 मई को थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। परिवादी ने बताया कि 18 मई की रात करीब साढ़े नौ बजे पत्नी प्रिया देवी की डिलीवरी के लिए वह घर पर ताला लगाकर उन्हें मुरलीपुरा स्थित अस्पताल लेकर गया था। अगले दिन सुबह घर लौटने पर मकान के ताले टूटे मिले और सामान बिखरा पड़ा था।
चोर पीछे बन रहे निर्माणाधीन मकान के रास्ते छत पर पहुंचे और सीढ़ियों का गेट तोड़कर घर में घुस गए। बदमाश अलमारी की तिजोरी में रखे सोने का मंगलसूत्र, चांदी का कड़ा, पायजेब, बाली, अंगूठी, बिछिया सहित करीब 2.35 लाख रुपए नकद और जरूरी दस्तावेज व पहचान पत्र चोरी कर ले गए।
मामले की गंभीरता को देखते हुए हरमाड़ा थाना पुलिस ने विशेष टीम का गठन किया। टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे 40 से 50 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और आरोपियों का रूट मैप तैयार किया। जांच के आधार पर पुलिस ने रोहित मालावत (23) निवासी श्रीनिवास नगर, रोड नंबर-6, सीकर रोड, मुरलीपुरा तथा विपिन यादव उर्फ गुड्डू (28) निवासी श्री बालाजी विहार-6, दौलतपुरा रोड, बैनाड़ को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी रोहित मालावत के खिलाफ हरमाड़ा और विश्वकर्मा थानों में आबकारी अधिनियम, चोरी और जानलेवा हमले के मामले दर्ज हैं। दोनों आरोपी नशे के आदी बताए जा रहे हैं। वे दिन में कॉलोनियों में घूमकर सूने मकानों की रेकी करते थे और ताला लगा देख दीवार फांदकर अंदर घुस जाते थे।
इसके बाद मकान का ताला तोड़कर नकदी और जेवरात चोरी कर लेते थे। चोरी के सामान को औने-पौने दामों में बेचकर नशे और मौज-मस्ती में पैसे खर्च कर देते थे। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर अन्य वारदातों और चोरी का सामान खरीदने वालों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। इस कार्रवाई में हरमाड़ा थानाधिकारी उदयसिंह, एएसआई प्रमोद कुमार, हेड कांस्टेबल राकेश कुमार, कांस्टेबल दयाराम और कांस्टेबल महेंद्र की विशेष भूमिका रही।



















