संतों के सम्मान और प्रकृति बचाने की लड़ाई लड़ेगी आरएलपी: हनुमान बेनीवाल

0
46

जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने सोमवार को जयपुर में जयपुर जिले के भैराणा धाम में प्रस्तावित महापंचायत को लेकर भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि राजस्थान को मजबूत कप्तान वाली सरकार की जरूरत है और वर्तमान सरकार पूरी तरह ब्यूरोक्रेसी के भरोसे चल रही है।

बेनीवाल ने कहा कि भैराणा धाम में साधु-संत रीको आवंटन के विरोध में आंदोलनरत हैं, लेकिन भीषण गर्मी के बावजूद सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि उपमुख्यमंत्री प्रेमचंद बैरवा की जमीन प्रस्तावित रीको क्षेत्र के पास होने के कारण संतों के पावन स्थल को औद्योगिक क्षेत्र के लिए आवंटित किया गया, जिससे पर्यावरण और प्रकृति के साथ खिलवाड़ हो रहा है।

आरएलपी प्रमुख ने दावा किया कि 27 मई को प्रदेशभर से लाखों लोग भैराणा धाम पहुंचेंगे और महापंचायत में साधु-संतों के एजेंडे के अनुसार आगे की रणनीति तय की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा गाय और संतों के नाम पर वोट मांगती है, लेकिन जब संतों के सम्मान और धार्मिक स्थलों की रक्षा की बात आती है तो सरकार चुप हो जाती है।

बेनीवाल ने रामगढ़ बांध, पर्यावरण संरक्षण, गोडावण संरक्षण और अवैध बजरी खनन जैसे मुद्दों को भी उठाया। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता के संरक्षण में बजरी माफिया नदियों के अस्तित्व से खिलवाड़ कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि प्रदेश में बढ़ते अपराध, नीट सहित अन्य पेपर लीक मामलों और नशे के बढ़ते कारोबार के पीछे बड़े नेताओं का संरक्षण है।

पंचायती राज और निकाय चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर बेनीवाल ने कहा कि आरएलपी इन चुनावों को मजबूती से लड़ेगी। उन्होंने पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों के लिए भी भाजपा सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहराया।

बेनीवाल ने अपने जयपुर स्थित आवास पर अजमेर और जयपुर संभाग के पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर अधिक से अधिक संख्या में लोगों को भैराणा महापंचायत में पहुंचाने का आह्वान किया।

इस दौरान पूर्व संसदीय सचिव दिलीप चौधरी, मेड़ता की पूर्व विधायक इंदिरा देवी बावरी और खींवसर के पूर्व विधायक नारायण बेनीवाल सहित कई नेता मौजूद रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here