जयपुर। हरमाड़ा थाना पुलिस ने वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों में शामिल दो शातिर अंतरराज्यीय बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिलें और सात गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। दोनों आरोपी नशे और मौज-मस्ती के लिए वारदातों को अंजाम देते थे। फिलहाल आरोपितों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस उपायुक्त (जयपुर पश्चिम) प्रशांत किरण ने बताया कि हरमाड़ा थाना पुलिस ने वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों में शामिल दो शातिर अंतरराज्यीय वाहन चोर शहजाद खान (35) निवासी एटा (उत्तर प्रदेश) तथा महेश गौरी उर्फ मनीष (23) निवासी किशनगढ़ जिला अजमेर को गिरफ्तार किया हैं। दोनों आरोपी जयपुर में किराए पर रह रहे थे।
लिस पूछताछ में सामने आया कि आरोपी पहले कॉलोनियों और सुनसान इलाकों की रेकी करते थे। जहां सुरक्षा कम दिखाई देती, वहां खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाते और चोरी के बाद अंदरूनी रास्तों से फरार हो जाते थे ताकि पुलिस की नजर से बच सकें। चोरी की गाड़ियों और गैस सिलेंडरों को वे औने-पौने दामों में बेच देते थे और उससे मिले पैसे नशे और मौज-मस्ती में खर्च कर देते थे।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी की दो मोटरसाइकिलें और विभिन्न इलाकों से चुराए गए सात गैस सिलेंडर बरामद किए हैं। बरामद बाइक में परिवादी की चोरी हुई स्प्लेंडर प्लस भी शामिल है।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे स्मैक और अन्य नशे के आदी हैं। पुलिस का मानना है कि दोनों लंबे समय से वाहन चोरी और नकबजनी की घटनाओं में सक्रिय थे। हरमाड़ा थाना पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस को उम्मीद है कि पूछताछ में जयपुर, अजमेर और उत्तर प्रदेश क्षेत्र में हुई कई अन्य वाहन चोरी और नकबजनी की वारदातों का भी खुलासा हो सकता है।



















