जयपुर। मानसरोवर स्थित सतगुरु टेऊराम गौशाला में पुरुषोत्तम मास की कमला एकादशी पर संत महात्माओं के सान्निध्य में विशेष गौसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान गौ माता को गर्मी से राहत देने के लिए तरबूज, खरबूजा, आम सहित शीतल तासीर वाले फलों का भोग लगाया गया।
स्वामी मोहन प्रकाश महाराज ने कहा कि हिंदू धर्म में गौसेवा को तैंतीस करोड़ देवी-देवताओं की सेवा के समान माना गया है। उन्होंने बताया कि अधिक मास में दान, पुण्य, नाम जप, व्रत और गौसेवा का विशेष महत्व होता है तथा एकादशी का पुण्य कई गुना अधिक माना जाता है।
कार्यक्रम के तहत राहगीरों को छाछ और शरबत का वितरण भी किया गया। वहीं श्री अमरापुर स्थान पर संकीर्तन, सत्संग, पुरुषोत्तम मास कथा वाचन और भजन संध्या का आयोजन हुआ। संतों ने सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज की रचित वाणी के भजनों का गायन किया।
इस अवसर पर लड्डू गोपाल का फूलों से विशेष श्रृंगार किया गया तथा श्रद्धालुओं को मिल्क रोज, फल और एकादशी का फलाहारी प्रसाद वितरित किया गया।



















