एएनएम-एलएचवी संघ की वार्ता में पदोन्नति और लंबित प्रकरणों पर कई अहम फैसले

0
30

जयपुर। अखिल राजस्थान राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ (एकीकृत) के प्रदेशाध्यक्ष राजेंद्र राणा के नेतृत्व में बुधवार को एएनएम-एलएचवी संघ राजस्थान की प्रदेश प्रमुख सपना पूनिया के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल की चिकित्सा विभाग के अधिकारियों के साथ वार्ता सम्पन्न हुई। करीब डेढ़ घंटे चली इस बैठक में संघ के 13 सूत्रीय मांग पत्र पर चर्चा कर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

संयुक्त शासन सचिव चिकित्सा एवं निदेशक अराजपत्रित राकेश शर्मा सहित अन्य अधिकारियों के साथ हुई वार्ता में राजस्थान राज्य नर्सेज एसोसिएशन (एकीकृत) के पदाधिकारी भी शामिल रहे।

वार्ता में निर्णय लिया गया कि एएनएम से जीएनएम प्रशिक्षण प्राप्त सेवारत एएनएम की वर्ष 2023 से लंबित नर्सिंग ऑफिसर पदों पर डीपीसी आगामी 15 जून तक कराई जाएगी। साथ ही एएनएम से एलएचवी पदोन्नति भी जून माह में कराने पर सहमति बनी।

बैठक में 9, 18 और 27 वर्षीय एमएसीपी से संबंधित लंबित प्रकरणों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश जारी करने का भी निर्णय लिया गया। राज्यभर के सीएमएचओ और संयुक्त निदेशकों को तय समय सीमा में आपत्तियों का निस्तारण कर प्रकरण निदेशालय भेजने के निर्देश दिए जाएंगे। देरी करने वाले अधिकारियों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई।

नर्सेज दिवस पर दिए जाने वाले राज्य स्तरीय फ्लोरेंस नाइटेंगल अवार्ड के लिए प्रत्येक जिले से एक एएनएम-एलएचवी का नाम प्रस्तावित करने के निर्देश जिला अधिकारियों को जारी किए जाएंगे।

बैठक में 12 मई 2026 को एसएमएस मेडिकल कॉलेज में आयोजित नर्सेज दिवस समारोह में कथित अनियमितताओं और वित्तीय गड़बड़ियों की जांच कराने पर भी सहमति बनी। साथ ही चयनित नर्सेज को जारी रजिस्ट्रार नर्सिंग काउंसिल स्तर के प्रशस्ति पत्र एवं अवार्ड शील्ड वापस लेकर चिकित्सा विभाग स्तर से नए प्रशस्ति पत्र जारी कराने का भरोसा दिया गया। इसके अलावा एएनएम सर्विस रूल्स में संशोधन, पदनाम परिवर्तन, वेतन विसंगतियों के समाधान और रिक्त पदों को शीघ्र भरने संबंधी प्रस्ताव राज्य सरकार को भेजने का आश्वासन भी अधिकारियों ने दिया।

वार्ता में संघ पदाधिकारी पुष्पा मीना, सीमा मिश्रा, अनीता चौधरी, कविता धायल, किरण मेघवाल सहित नर्सेज एसोसिएशन के कैलाश शर्मा, राकेश नेहरा, यजुवेंद्र यादव, विक्रम पंवार और राजेंद्र शेखावत मौजूद रहे। निदेशालय में बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष नर्सिंगकर्मी भी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here