जयपुर। दौलतपुरा थाना पुलिस ने मकान मालकिन पर जानलेवा हमला कर जेवरात और मोबाइल लूटने की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए पीड़िता के किरायेदार समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मोबाइल फोन तथा वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। वहीं, तीसरे आरोपी और लूटे गए जेवरात की तलाश जारी है।
जयपुर पश्चिम के पुलिस उपायुक्त प्रशांत किरण ने बताया कि पीड़िता रानी राजपूत ने सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रामा सेंटर में उपचार के दौरान दिए गए बयान में घटना की जानकारी दी। पीड़िता के अनुसार करीब चार माह पहले उदय रैगर नामक युवक उसके मकान में किराए पर रहने आया था। 22 मई की दिन किरायेदार उदय और उसका साथी मनोज घर पर मौजूद थे। इसी दौरान उदय का एक अन्य साथी कमलेश सैनी सिलेंडर देने के बहाने घर में दाखिल हुआ। पीड़िता जब रसोई में सिलेंडर देखने गई तो कमलेश ने पीछे से तौलिए से उसका गला घोंट दिया।
महिला के शोर मचाने पर किरायेदार उदय और मनोज भी वहां पहुंच गए। आरोप है कि दोनों ने किसी भारी वस्तु से महिला के सिर पर कई वार किए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर बेहोश हो गई। इसके बाद आरोपित महिला को मरणासन्न अवस्था में छोड़कर फरार हो गए। होश आने पर पीड़िता ने पाया कि उसके गले से मंगलसूत्र, कानों की तीन सेट बालियां, चांदी का कमल और मोबाइल फोन गायब थे।
इसके बाद थाने में मामला दर्ज करवाया और जांच पड़ताल की गई। इधर वारदात की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश गुप्ता एवं सहायक पुलिस आयुक्त (झोटवाड़ा-चौमूं) आलोक सैनी के सुपरविजन में थानाधिकारी सुनील कुमार गोदारा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम में उपनिरीक्षक दीप सिंह, हैड कांस्टेबल प्रकाश चंद तथा कांस्टेबल मनोज कुमार और भैरूराम को शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा स्थानीय लोगों से पूछताछ की।
तकनीकी अनुसंधान और साक्ष्यों के आधार पर किरायेदार उदय और उसके साथी मनोज को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपने साथी कमलेश सैनी के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देना स्वीकार कर लिया। इस पर पुलिस ने मनोज कुमार (19) निवासी मानगढ़ जगदीशपुरी, अजीतगढ़ (सीकर) हाल मोठूका पास, दौलतपुरा और उदय उर्फ उमराव कुलदीप (20) निवासी दिवराला अजीतगढ़ (सीकर) को गिरफ्तार किया गया।
वहीं इस वारदात में शामिल तीसरे आरोपी कमलेश सैनी की गिरफ्तारी तथा लूटे गए सोने-चांदी के जेवरात की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। गिरफ्तार आरोपियों से अन्य आपराधिक घटनाओं और उनके आपराधिक रिकॉर्ड के संबंध में भी गहन पूछताछ की जा रही है।



















