जनता समय आने पर भाजपा को जवाब देगी: बेनीवाल

0
60
The public will give a fitting reply to the BJP when the time comes: Beniwal
The public will give a fitting reply to the BJP when the time comes: Beniwal

जयपुर। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल ने बुधवार को जयपुर में मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा सरकार पर कई मुद्दों को लेकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने विधानसभा चुनाव से पहले जनता से जो वादे किए थे, सत्ता में आने के बाद उन्हें भुला दिया गया।

बेनीवाल ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ द्वारा उनके सामाजिक बहिष्कार संबंधी सार्वजनिक बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मामले में अधिवक्ता के माध्यम से नोटिस भेजा गया है। यदि संतोषजनक जवाब नहीं मिलता है तो आगे कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के विरोध में आरएलपी कार्यकर्ताओं ने लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखी थी, लेकिन लोकतांत्रिक व्यवस्था में अभिव्यक्ति के इस अधिकार को स्वीकार नहीं करना तथा झूठे मुकदमे दर्ज कराकर गिरफ्तारियां करवाना उचित नहीं है।

नागौर जिले के रियां बड़ी क्षेत्र में बजरी माफियाओं के खिलाफ आयोजित रैली के करीब पांच माह बाद मुकदमे दर्ज किए जाने के मुद्दे पर बेनीवाल ने कहा कि वे और उनकी पार्टी मुकदमों से डरने वाले नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक द्वेष के तहत कार्रवाई की जा रही है, जिसका जवाब प्रदेश की जनता समय आने पर भाजपा को देगी।

सांसद ने प्रदेश में प्रक्रियाधीन भर्तियों में एक वर्ष का वेटिंग नियम लागू करने तथा विभिन्न सरकारी विभागों में रिक्त पदों को शीघ्र भरने की मांग उठाई। उन्होंने प्रदेश की बिगड़ती कानून-व्यवस्था को लेकर भी राज्य सरकार को जिम्मेदार ठहराया और कहा कि आमजन खुद को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है।

मीडिया से बातचीत के दौरान बेनीवाल ने रोजगार, प्रशासनिक व्यवस्थाओं और कानून-व्यवस्था सहित कई जनहित के मुद्दों पर सरकार से जवाबदेही तय करने की मांग की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here