अजमेर। एमईएएम यंग सिटीजन ऑफ इंडिया सीजन-3 की राज्य स्तरीय क्विज प्रतियोगिता के तहत अजमेर के अन्दरकोट स्थित उम्मत फाउंडेशन में क्विज प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्रतियोगिता में बच्चों ने उत्साह और जोश के साथ सवालों के जवाब दिए। प्रतियोगिता में कुल आठ टीमों ने हिस्सा लिया। टीमों के नाम एपीजे अब्दुल कलाम, हसरत मोहानी, निखत जरीन, अल्लामा इकबाल, जीनत महल, फातिमा शेख, टीपू सुल्तान और शेर-ए-सूर के नाम पर रखे गए।
प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने पूरी तैयारी के साथ भाग लिया। कड़े मुकाबले के बीच एक टाई-ब्रेक राउंड भी हुआ। अंतिम परिणाम में अल्लामा इकबाल टीम ने पहला, फातिमा शेख टीम ने दूसरा और एपीजे अब्दुल कलाम टीम ने तीसरा स्थान हासिल किया।
एमईएएम की महासचिव सारा इस्माईल ने प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों से सवाल किए। उन्होंने कहा कि यंग सिटीजन ऑफ इंडिया ऐसा मंच है, जहां बच्चों को ज्ञानवर्धन के साथ करियर काउंसलिंग और पर्सनैलिटी डेवलपमेंट का अवसर भी मिलता है। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने से बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ता है तथा झिझक और डर दूर करने में मदद मिलती है। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता का सेमीफाइनल और ग्रैंड फिनाले जयपुर में आयोजित किया जाएगा।
उम्मत फाउंडेशन के सदस्य मोहम्मद वाजिद खान ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन लगातार होने चाहिए, ताकि बच्चों को सीखने और अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के अवसर मिल सकें।
अलीमुद्दीन खान ने जयपुर से टीम के अजमेर आकर कार्यक्रम आयोजित करने और बच्चों में आत्मविश्वास बढ़ाने के प्रयासों की सराहना की। आरिफ खान ने कहा कि प्रतियोगिता के लिए बच्चों के साथ स्टाफ सदस्यों ने भी मेहनत की। पहली बार आयोजित इस तरह के कार्यक्रम को लेकर बच्चों में खासा उत्साह और खुशी नजर आई।
प्रतियोगिता के विजेता विद्यार्थियों को उपहार एवं प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए, जबकि सभी प्रतिभागियों को भी प्रमाण-पत्र दिए गए। आयोजकों और प्रतिभागियों ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए टीम का आभार जताया।



















