जयपुर। वीर रस एवं ओज के राष्ट्रीय कवि विनीत चौहान के नेतृत्व तथा डॉ. देशराज मीणा के निर्देशन में शुक्रवार को कॉन्स्टीट्यूशन क्लब ऑफ राजस्थान में भव्य नाट्य-संगीत प्रस्तुति ‘भारत गौरव गाथा’ का सफल आयोजन हुआ। देशभक्ति, भारतीय संस्कृति और राष्ट्र गौरव को समर्पित इस कार्यक्रम में सांसद मंजू शर्मा, सिविल लाइंस विधायक गोपाल शर्मा, मालवीय नगर विधायक कालीचरण सराफ सहित सामाजिक, राजनीतिक एवं विभिन्न क्षेत्रों की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों सहित बड़ी संख्या में दर्शक उपस्थित रहे।
आस्था साहित्य संस्थान, अलवर द्वारा प्रस्तुत इस विशेष आयोजन ने भारत की हजारों वर्षों की गौरवशाली यात्रा को कविता, संगीत, अभिनय और अत्याधुनिक ऑडियो-विजुअल तकनीक के माध्यम से मंच पर सजीव कर दिया। कार्यक्रम में रामायण काल से लेकर आधुनिक भारत तक के ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और राष्ट्रीय घटनाक्रमों का प्रभावशाली नाट्य रूपांतरण प्रस्तुत किया गया।
प्रस्तुति में भगवान राम, महाभारत काल, भगवान बुद्ध, महावीर स्वामी, गुरु नानक देव सहित अनेक महान विभूतियों के योगदान को दर्शाया गया। साथ ही महाराणा प्रताप, रानी लक्ष्मीबाई, भगत सिंह, वीर सावरकर और लाल-बाल-पाल जैसे महापुरुषों के संघर्ष, त्याग और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को भावपूर्ण ढंग से मंचित किया गया।
कार्यक्रम में भारत-पाक युद्ध, कारगिल विजय, आतंकवाद के विरुद्ध संघर्ष, कश्मीर, बांग्लादेश, राम मंदिर निर्माण तथा ऑपरेशन सिंदूर जैसे समकालीन विषयों को भी प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसने दर्शकों में राष्ट्रभक्ति और गौरव का संचार किया।
सुप्रसिद्ध कवि विनीत चौहान ने अपनी ओजस्वी कविताओं और प्रभावशाली प्रस्तुति से पूरे सभागार को राष्ट्रप्रेम के भाव से ओत-प्रोत कर दिया। कार्यक्रम की लेखिका ऋचा चौधरी एवं विनीत चौहान रहे, जबकि इसकी परिकल्पना और निर्देशन डॉ. देशराज मीणा ने किया। लगभग 20 से 25 कलाकारों एवं तकनीकी विशेषज्ञों की टीम ने संगीत, नृत्य, अभिनय और दृश्य प्रभावों के माध्यम से दर्शकों को अविस्मरणीय अनुभव प्रदान किया।
कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनों ने ‘भारत गौरव गाथा’ को भारतीय इतिहास, संस्कृति और राष्ट्र चेतना को जन-जन तक पहुंचाने वाला प्रेरणादायी एवं प्रभावशाली प्रयास बताते हुए इसकी भूरि-भूरि प्रशंसा की।



















