551 महिलाओं एवं 251 कांवड़ियों की कांवड़-कलश शोभायात्रा निकली

0
36

जयपुर। झोटवाड़ा रोड स्थित श्री चमत्कारेश्वर महादेव मंदिर सार्वजनिक सेवा समिति के 60वें वार्षिकोत्सव के अवसर पर रविवार को 551 महिलाओं एवं 251 कांवड़ियों की कांवड़-कलश शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा के दौरान आसपास का क्षेत्र भगवान शिव के जयकारों और भजनों से भक्तिमय हो गया।

शोभायात्रा को सीकर हाउस के पास स्थित करणी माता मंदिर से मंदिर समिति के मुख्य सलाहकार समिति अध्यक्ष हरीश शर्मा, राजकुमार मोदी, कार्यकारिणी अध्यक्ष रविंद्र यादव, महेश सैनी और रवि प्रकाश चौधरी सहित अन्य पदाधिकारियों ने रवाना किया। शोभायात्रा में 551 महिलाएं एक ही परिधान में सिर पर मांगलिक कलश धारण कर शामिल हुईं। वहीं 251 कांवड़िए गलता जी से कांवड़ लेकर भगवान शिव के जयकारे लगाते हुए चल रहे थे।

डीजे पर गूंज रहे शिव भजनों पर श्रद्धालु नाचते-गाते हुए आगे बढ़े। मार्ग में विभिन्न संगठनों की ओर से शोभायात्रा का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। हर-हर महादेव के जयघोष के बीच शोभायात्रा यात्रा कॉलोनी के प्रमुख मार्गों से होती हुई मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई।

मंदिर समिति के प्रचार-प्रसार मंत्री महेश सैनी ने बताया कि शोभायात्रा के बाद भगवान महादेव का पावन जलाभिषेक, पूजन एवं महाआरती की गई। शाम को शिव परिवार का विशेष शृंगार, भोग आरती सहित विभिन्न धार्मिक आयोजन हुए। मंदिर के बाहर की गई आकर्षक सजावट श्रद्धालुओं के बीच आकर्षण का केंद्र रही। उन्होंने बताया कि वार्षिकोत्सव के तहत सोमवार शाम को बर्फ की झांकियां सजाकर बाबा भोलेनाथ को रिझाया जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here