युवक की संदिग्ध मौत के बाद लोगों ने किया थाने का घेराव

0
58

जयपुर। ट्रांसपोर्ट नगर थाना क्षेत्र में एक सार्वजनिक शौचालय में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। घटना के विरोध में लोगों ने ट्रांसपोर्ट नगर थाने का घेराव कर क्षेत्र में कथित रूप से चल रहे नशे के कारोबार पर रोक लगाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

पुलिस के अनुसार दौसा जिले के बनेठा निवासी कुलदीप गुर्जर (28) शुक्रवार को ट्रांसपोर्ट नगर चौराहे स्थित सार्वजनिक शौचालय में गया था। काफी देर तक बाहर नहीं निकलने पर शौचालय कर्मियों ने टैक्सी चालकों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर युवक अचेत अवस्था में सीट पर बैठा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे तत्काल एसएमएस अस्पताल लेकर गई, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

मौके पर शौचालय के भीतर स्मैक और नशे के इंजेक्शन भी पड़े मिले। प्रारंभिक जांच में युवक की मौत नशे के ओवरडोज से होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है तथा मामले में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ट्रांसपोर्ट नगर थानाधिकारी अरुण कुमार ने बताया कि मृतक नशे का आदी था। शुक्रवार दोपहर उसके चाचा उसे नशा मुक्ति के लिए दवा दिलाने जयपुर लाए थे, लेकिन वह मौका पाकर उनसे अलग हो गया था।

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग थाने पहुंच गए और प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि थाना क्षेत्र में खुलेआम नशे का कारोबार चल रहा है और इसकी शिकायत कई बार पुलिस को दी जा चुकी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने कुछ स्थानीय व्यक्तियों पर नशे की सामग्री बेचने के आरोप भी लगाए।

बाद में एसीपी लक्ष्मी सुथार से वार्ता के बाद प्रदर्शनकारियों ने ज्ञापन सौंपकर सात दिन में कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि इस अवधि में ठोस कदम नहीं उठाए गए तो उग्र आंदोलन किया जाएगा।

स्थानीय निवासी त्रिलोक मीणा ने कहा कि क्षेत्र में नशे की बिक्री को लेकर कई बार शिकायतें दी गई, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। वहीं युवा शक्ति राजस्थान के प्रदेश महामंत्री गौरी शंकर ने कहा कि केवल ट्रांसपोर्ट नगर ही नहीं, बल्कि पूरे जयपुर में नशे का कारोबार चिंता का विषय बन चुका है और इस पर प्रभावी अंकुश लगाया जाना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here