जयपुर। सदर थाना क्षेत्र में पत्नी के साथ मारपीट का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। गुस्साए पति ने अपने साले पर देसी कट्टा तान कर जान से मारने की धमकी दे डाली। हालांकि पत्नी की सूझबूझ से आरोपी को अवैध हथियार सहित पुलिस ने गिरफ्तार किया ।
एसीपी (सदर) धर्मवीर सिंह ने बताया कि हसनपुरा निवासी विजय सिंह (28) को आर्म्स एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। आरोपी एनबीसी के पास चाय की दुकान संचालित करता है। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और एक चाकू बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार विजय सिंह ने अपनी पत्नी प्रियंका के साथ मारपीट की। इससे परेशान होकर प्रियंका ने अपने भाई अजय सिंह को जामडोली से बुलाया। बहन के घर पहुंचे अजय ने मारपीट का विरोध किया तो विजय सिंह और अधिक आक्रोशित हो गया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी ने घर में छिपाकर रखा देसी कट्टा और चाकू निकाल लिया तथा पत्नी और साले को जान से मारने की धमकी देने लगा। स्थिति बिगड़ती देख प्रियंका ने किसी तरह अपने भाई को वहां से बाहर भेजकर उसकी जान बचाई। बाद में आरोपी ने देसी कट्टा और चाकू को कमरे में बेड के भीतर छिपा दिया।
पत्नी ने चोरी-छिपे आरोपी को हथियार छिपाते हुए देख लिया और तुरंत पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस की मौजूदगी में पत्नी ने बेड में छिपाए गए हथियार बरामद करवाए, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि बरामद देसी कट्टा उसके पिता भवानी सिंह का है। पुलिस जांच में सामने आया कि भवानी सिंह हत्या के एक मामले में सजा काट रहा है और वर्तमान में सांगानेर खुली जेल में निरुद्ध है। पुलिस के अनुसार करीब पांच वर्ष पूर्व भवानी सिंह पर अपने साले की हत्या करने का आरोप सिद्ध हुआ था। पुलिस मामले की जांच कर रही है तथा बरामद हथियार के संबंध में भी विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है।



















