जयपुर। हरमाड़ा थाना क्षेत्र में शनिवार को चार वर्षीय मासूम बच्ची की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया। घर के बाहर खेलते-खेलते लापता हुई बच्ची का शव पड़ोस में रहने वाली महिला के घर से बरामद हुआ। पुलिस ने आरोपी महिला और उसके पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त (पश्चिम) राजेश कुमार गुप्ता के अनुसार हरमाडा थाना इलाके के बैनाड़ रोड स्थित श्याम वाटिका निवासी चार वर्षीय आलीना शनिवार दोपहर करीब 12 बजे घर के बाहर खेल रही थी। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गई। परिजनों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद मामले की सूचना पुलिस कंट्रोल रूम को दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान मिले अहम सुराग के आधार पर पुलिस का शक पड़ोस में रहने वाली एक महिला पर गया। जब पुलिस ने उसके घर की तलाशी ली तो डबल बेड के बॉक्स के अंदर कंबल में लिपटा हुआ बच्ची का शव बरामद हुआ।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बच्ची की मौत दम घुटने से हुई है। शव मिलने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। सूचना पर अन्य पुलिस के आलाधिकारी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। साथ ही कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि मृतक बच्ची के परिजनों और आरोपी महिला के बीच पिछले कुछ समय से विवाद चल रहा था। दोनों पक्षों के बीच अक्सर कहासुनी और झगड़े होते रहते थे। पुलिस को आशंका है कि इसी आपसी रंजिश के चलते वारदात को अंजाम दिया गया, हालांकि हत्या के अन्य संभावित कारणों की भी जांच की जा रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए कांवटिया अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया है। वहीं आरोपी महिला और उसके पति से पूछताछ जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद मामले का विस्तृत खुलासा किया जाएगा।



















