अवैध संबंध बने हत्या की वजह: पत्नी और प्रेमी ने मिलकर उतारा पति को मौत के घाट

0
32
Wife and lover conspire to kill husband.
Wife and lover conspire to kill husband.

जयपुर। शिप्रापथ थाना पुलिस ने एक ब्लाइंड मर्डर का खुलासा करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने मुख्य आरोपी के साथ मृतक की पत्नी को भी गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस उपायुक्त (जयपुर दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि त्रिवेणी नगर निवासी महेश जाटव की हत्या के मामले में उसके चाचा मांगीलाल की रिपोर्ट पर शिप्रापथ थाने में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त ललित कुमार शर्मा तथा सहायक पुलिस आयुक्त (मानसरोवर) हेमेन्द्र शर्मा के निर्देशन में थानाधिकारी महेन्द्र सिंह के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों के 500 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर सूचना और मोबाइल लोकेशन के आधार पर संदिग्ध की पहचान की गई। वारदात के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदल रहा था, लेकिन पुलिस ने उसका करीब 50 किलोमीटर तक पीछा कर जयपुर रिंग रोड क्षेत्र से मोनू जाटव उर्फ मोनू चौधरी (28) निवासी मुरैना (मध्यप्रदेश) हाल निवासी नंदपुरी कॉलोनी जयपुर और आरती जाटव (32) पत्नी स्वर्गीय महेश जाटव निवासी गंगोत्री नगर त्रिवेणी नगर जयपुर को गिरफ्तार किया है।

आरोपी मध्यप्रदेश भागने की तैयारी में था। थानाधिकारी महेन्द्र सिंह ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक की पत्नी आरती जाटव और आरोपी मोनू जाटव उर्फ मोनू चौधरी के बीच पिछले तीन वर्षों से प्रेम संबंध थे। इस संबंध की जानकारी होने पर महेश जाटव ने पत्नी को मोनू से संपर्क रखने से मना कर दिया था और उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।

इसके बाद दोनों ने महेश को रास्ते से हटाने की साजिश रची। योजना के तहत मोनू ने महेश से दोस्ती बढ़ाई और उसके साथ नियमित रूप से शराब पीने लगा। पुलिस के अनुसार 11 जून को आरती ने मोनू को 1200 रुपए देकर महेश को शराब पिलाने और उसकी हत्या करने के लिए कहा था।

जांच में सामने आया कि मोनू महेश को त्रिवेणी पुलिया के नीचे ले गया, जहां उसे अत्यधिक शराब पिलाई गई। नशे की हालत में बेहोश होने पर आरोपी ने देर रात धारदार हथियार से उसका गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी ने इंस्टाग्राम कॉल के जरिए आरती को हत्या की जानकारी दी और ऑनलाइन बाइक बुक कर अपने किराए के कमरे पर चला गया। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने आरती के कहने पर महेश जाटव की हत्या की थी।

इस मामले के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी में साइबर सेल के हेड कांस्टेबल लोकेश कुमार, हेड कांस्टेबल राम सिंह, कांस्टेबल मंगलज और कांस्टेबल छोटूराम की विशेष भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here