जयपुर। आस्था,भक्ति और श्रद्धा के प्रमुख केंद्र श्री अमरापुर स्थान, जयपुर में प्रेम प्रकाश मंडलाचार्य आचार्य श्री सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज का 84वां पंच दिवसीय पुण्यतिथि (महानिर्वाणोत्सव) श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ प्रारंभ हो गया।
उत्सव का शुभारंभ प्रातःकाल विधि-विधानपूर्वक मंत्रोच्चारण के साथ श्री प्रेम प्रकाश ग्रंथ साहिब और श्रीमद्भगवद गीता के पाठों के पूजन से हुआ। इसके पश्चात भजन, सत्संग और आरती के साथ धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत की गई। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला।
इस अवसर पर संत-महात्माओं ने आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम महाराज की महिमा का गुणगान किया। दो दिवसीय प्रवास पर पधारे पूज्य गुरुदेव सतगुरु स्वामी भगत प्रकाश जी महाराज ने कहा कि महापुरुषों का जन्म जीव कल्याण के लिए होता है। उन्होंने कहा कि महापुरुष अमर लोक से आते हैं और अपना कार्य पूर्ण कर पुनः अमर लोक में ही प्रस्थान करते हैं। उन्होंने बताया कि आचार्य सद्गुरु स्वामी टेऊँराम जी महाराज का जन्म एवं निर्वाण दिवस शनिवार और सिंधी चौथ तिथि को आता है।
कार्यक्रम में स्वामी मनोहर लाल महाराज, स्वामी मोहन लाल महाराज, इंदौर से पधारे संत लालचंद महाराज, अजमेर से संत राम प्रकाश महाराज तथा ब्यावर से संत शंभू लाल महाराज सहित अनेक संतों ने आचार्य की महिमा का गुणगान किया।
पंच दिवसीय उत्सव के दौरान प्रतिदिन प्रातः एवं सायंकाल भजन, सत्संग, आरती, सतनाम साक्षी मंत्र जाप, सामूहिक चालीसा पाठ सहित विविध धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही सेवा कार्य एवं अन्य धार्मिक आयोजन भी संपन्न होंगे।



















