स्वामी गंगादास महाराज का 89वां वार्षिकोत्सव भंडारा श्रद्धा के साथ संपन्न

0
41

जयपुर। आदर्श नगर स्थित बर्फखाना के स्वामी श्री गंगादास जी महाराज मंदिर में मंगलवार को 89वां वार्षिकोत्सव भंडारा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ संपन्न हुआ। इस अवसर पर धार्मिक अनुष्ठान, कथा-प्रवचन, भजन-कीर्तन और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

सभा के अध्यक्ष डॉ. महेश पोपली ने स्वामी जी के जीवन और टांक नगर (वर्तमान पाकिस्तान) में की गई 32 वर्षों की तपस्या तथा समाज के विस्थापन से जुड़े प्रसंगों का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि स्वामी जी के आशीर्वाद से टांक बिरादरी के किसी भी परिवार को जनहानि नहीं हुई।

महासचिव उमेश तनेजा ने बताया कि इस अवसर पर स्वामी की प्रतिमा का पंचामृत अभिषेक, नवीन वस्त्र धारण और फूल बंगला झांकी सजाई गई। साथ ही शिव परिवार, मां भगवती, राधा-कृष्ण, हनुमान जी और झूलेलाल जी के विग्रहों का विशेष श्रृंगार किया गया।

प्रातःकाल वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यज्ञ हुआ तथा एक माह से चल रही पाठ साहिब की लड़ियों का समापन किया गया। भजन-कीर्तन के दौरान श्रद्धालु भक्ति में लीन नजर आए। समारोह में श्री हरि मंदिर, पटौदी से पधारे स्वामी धर्मदेव जी महाराज और भाई मन्नी सिंह जी ने गुरु महिमा का गुणगान किया।

विशाल भंडारे में करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया, जिसमें बड़ी मात्रा में खीर, दाल, रोटियां, हलवा, सब्जी और लस्सी वितरित की गई। मंदिर परिसर और दशहरा मैदान में व्यापक स्तर पर सेवा कार्यों का आयोजन किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here