जयपुर। राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने समाजसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले पूर्व सैनिकों और समाजसेवियों को सम्मानित किया है। एक विशेष कार्यक्रम के दौरान उपमुख्यमंत्री ने पूर्व सैनिक, समाजसेवी एवं उत्थान सेवा संस्थान के अध्यक्ष कैप्टन शीशराम चौधरी सहित अन्य गणमान्य लोगों को शॉल ओढ़ाकर उनकी सेवाओं का सम्मान किया।
उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने संस्थान द्वारा किए जा रहे समाजोपयोगी कार्यों की सराहना की और सभी को बधाई देते हुए भविष्य में भी इसी तरह सामाजिक सरोकारों से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर पूनिया ने उत्थान सेवा संस्थान द्वारा समाज हित में चलाए जा रहे विभिन्न प्रकल्पों की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि संस्थान द्वारा वर्तमान में आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के बच्चों के लिए नि:शुल्क शिक्षा की व्यवस्था की जा रही है। आमजन के स्वास्थ्य लाभ के लिए नि:शुल्क योग शिविर संचालित किए जा रहे हैं। प्रकृति के संतुलन के लिए पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में लगातार कार्य किया जा रहा है।



















