जयपुर। बॉलीवुड अभिनेत्री हुमा कुरैशी रविवार को अपनी आगामी फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ के प्रमोशन कार्यक्रम के सिलसिले में जयपुर पहुंचेंगी। इस दौरान वे फिल्म के सबसे बड़े कट-आउट का अनावरण करेंगी। कार्यक्रम में मीडिया प्रतिनिधियों, फोटोग्राफरों और प्रशंसकों को अभिनेत्री से सीधे रूबरू होने का अवसर भी मिलेगा।
आयोजकों के अनुसार यह विशेष कार्यक्रम रविवार दोपहर 2:30 बजे वर्ल्ड ट्रेड पार्क (डब्ल्यूटीपी) स्थित सिनेपोलिस में आयोजित किया जाएगा। फिल्म के प्रचार अभियान के तहत आयोजित इस समारोह में हुमा कुरैशी मीडिया से संवाद करेंगी और अपने प्रशंसकों से मुलाकात भी करेंगी।
फिल्म ‘बेबी डू डाई डू’ का निर्देशन नचिकेत सामंत ने किया है, जबकि इसके निर्माता साकिब सलीम हैं। फिल्म आगामी 3 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
वहीं जयपुर में आयोजित यह कार्यक्रम फिल्म के प्रमोशन अभियान का महत्वपूर्ण हिस्सा है। फिल्म की रिलीज से पहले होने वाले इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में सिने प्रेमियों, प्रशंसकों और मीडिया प्रतिनिधियों के पहुंचने की संभावना है। हुमा कुरैशी की मौजूदगी को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।



















