जयपुर। राजधानी में महिला पर एसिड अटैक का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि शादी का झांसा देकर जयपुर लाने वाले प्रेमी ने ही पार्क में बुलाकर महिला पर तेजाब फेंक दिया और फरार हो गया। झुलसी महिला का अस्पताल में उपचार कराया गया है।
पुलिस के अनुसार 37 वर्षीय पीड़िता की आरोपी से पहचान के बाद दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं। आरोपी उसे शादी का भरोसा देकर करीब तीन माह पहले जयपुर ले आया और किराए के मकान में साथ रहने लगा। बाद में वह अपनी पत्नी और बच्चों के पास लौट गया। पीड़िता का आरोप है कि संपर्क करने पर आरोपी गाली-गलौच करता था और जान से मारने की धमकी देता था।
महिला ने बताया कि 20 जून को आरोपी ने उसे बातचीत के बहाने सुबह करीब 11:30 बजे एक पार्क में बुलाया। मुलाकात के दौरान विवाद होने पर आरोपी ने बैग से तेजाब की बोतल निकालकर उसकी पीठ पर फेंक दी। महिला के चीखने पर आरोपी धमकी देकर मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद पीड़िता ने परिचित की मदद से थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने उसे जयपुरिया अस्पताल में भर्ती कराया और विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।


















