जयपुर। हरमाड़ा थाना इलाके में बुधवार दोपहर एक युवक के आत्महत्या का प्रयास करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। युवक लोहा मंडी रोड पर सड़क किनारे लहूलुहान और बेहोशी की हालत में पड़ा मिला। सूचना मिलते ही हरमाड़ा थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और गंभीर रूप से घायल युवक को सवाई मानसिंह अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस जांच में सामने आया है कि भाई को उधार दिए पैसे वापस न करने से नाराज होकर युवक ने यह आत्मघाती कदम उठाया।
हरमाड़ा थानाधिकारी उदय सिंह यादव ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब सवा 2 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए सूचना मिली थी कि लोहा मंडी रोड पर एक युवक लहुलुहान हालत में पड़ा हुआ है। इस पर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची। युवक की कलाई से अत्यधिक खून बह रहा था, जिसके कारण वह बेहोश हो चुका था।
पुलिस ने बिना समय गंवाए उसे एम्बुलेंस के जरिए एसएमएस अस्पताल पहुंचाया। पुलिस पड़ताल में घायल युवक की पहचान सूरज बैरवा (30) पुत्र मोहन बैरवा के रूप में हुई है। वह मूल रूप से खांडरा चितारा, सवाई माधोपुर का निवासी है और वर्तमान में जयपुर के लोहा मंडी रोड इलाके में ही रह रहा है। पुलिस जांच में सामने आया कि सूरज ने कुछ समय पहले अपने भाई राजू को 5 हजार रुपए उधार दिए थे।
बुधवार दोपहर सूरज अपने भाई के कमरे पर उधार दिए हुए पैसे वापस लेने गया था। जब भाई राजू ने पैसे लौटाने से साफ मना कर दिया, तो सूरज बुरी तरह नाराज हो गया और दोनों के बीच विवाद बढ़ गया।आवेश में आकर सूरज ने अपने पास मौजूद ब्लेड से अपने बाएं हाथ की कलाई पर वार कर लिया।
घटना के वक्त युवक शराब के नशे में था। अत्यधिक खून बह जाने के कारण वह कमरे से निकलकर सड़क पर आते-आते बेहोश होकर गिर पड़ा। पुलिस को घटनास्थल से वह ब्लेड भी बरामद हो गई है जिससे कलाई काटी गई थी। फिलहाल पुलिस मामले के हर पहलू की गहनता से जांच कर रही है।


















