जयपुर। टोंक रोड पर गांधी नगर रेलवे स्टेशन के पास उस समय अफरातफरी मच गई, जब एक महिला ने अपने पति और उसकी प्रेमिका को बीच सड़क पर रंगे हाथों दबोच लिया। इसके बाद करीब 15 मिनट तक सड़क पर हाई-वोल्टेज ड्रामा चला। गुस्से से आगबबूला पत्नी ने न सिर्फ पति की प्रेमिका के बाल पकड़कर उसे थप्पड़ जड़े, बल्कि बीच-बचाव करने आए पति पर भी जमकर चप्पल और घूंसे बरसाए। सोशल मीडिया पर इस पूरी घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है।
रोज घर पर मेरे साथ करता था मारपीट आज इसकी बारी
पारिवारिक कलह और शक के चलते उपजा यह विवाद टोंक रोड स्थित गोल्डन लीफ बिल्डिंग के सामने सरेआम नुमाइश बन गया। जानकारी के अनुसार महिला को लंबे समय से अपने पति के अफेयर होने का अंदेशा था। पति अक्सर घर पर पत्नी के साथ मारपीट और प्रताड़ना करता था। पति को बेनकाब करने के लिए पत्नी ने खुद ही जासूसी करने का फैसला किया। गुरुवार सुबह जैसे ही पति घर से निकला, पत्नी उसके पीछे लग गई।
कुछ ही दूरी पर पति ने जैसे ही अपनी गर्लफ्रेंड को बाइक पर बैठाया, पत्नी ने पीछा कर उन्हें बीच रास्ते में ही रोक लिया।गाड़ी रुकवाते ही पत्नी का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुँच गया। उसने पति की प्रेमिका को खींचकर बाइक से नीचे उतारा और मारपीट शुरू कर दी।
जब पति अपनी प्रेमिका को बचाने के लिए आगे आया, तो पत्नी ने उसकी कॉलर पकड़ ली।पति ने अपनी पहचान छिपाने के लिए हेलमेट पहन रखा था और मुंह पर कपड़ा बांध रखा था। मौके पर मौजूद भीड़ के उकसाने पर पत्नी ने उसका हेलमेट और कपड़ा हटाकर उसे सरेआम बेनकाब किया और चिल्लाते हुए कहा, “यह रोज घर पर मेरे साथ मारपीट करता है, आज इसकी बारी है।”
भीड़ की अजीब डिमांड, सौतन को छोड़ो , पहले इस पति को सबक सिखाओं
बीच सड़क चल रहे इस ड्रामे को देखकर वहां लोगों का हुजूम इकट्ठा हो गया। लोग बीच-बचाव करने के बजाय अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगे। भीड़ में से लोग महिला को उकसाते हुए चिल्ला रहे थे कि— “सौतन को छोड़ो, पहले इस पति को सबक सिखाओ।” भीड़ की मांग पर महिला ने वहां रखी एक कुर्सी पर पति को बैठाया और थप्पड़ों की बौछार कर दी। इस बीच पति ने जैसे-तैसे अपनी प्रेमिका को वहां से सुरक्षित निकाला।
बजाज नगर थाना प्रभारी रामधन मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि यह घटना करीब दो दिन पुरानी है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सामने आया है। हालांकि, इस हाईवोल्टेज ड्रामे को लेकर अभी तक किसी भी पक्ष (पति, पत्नी या प्रेमिका) की ओर से थाने में कोई लिखित शिकायत या रिपोर्ट दर्ज नहीं करवाई गई है। पुलिस ने वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान पति-पत्नी के रूप में की है और अपने स्तर पर मामले की गहनता से जांच कर रही है।


















