राजस्थान पुलिस अकादमी में होगा आरपीएस के 55 नव नियुक्त अधिकारियों का आधारभूत प्रशिक्षण

0
39

जयपुर। राजस्थान पुलिस अकादमी जयपुर में सोमवार को राजस्थान पुलिस सेवा के 55 नव नियुक्त अधिकारियों के 45 सप्ताह के आधारभूत प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ होगा। प्रशिक्षण कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में महानिदेशक पुलिस श्री राजीव कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर प्रशिक्षु अधिकारियों से संवाद करेंगे तथा उन्हें एक सक्षम, संवेदनशील और तकनीक-सक्षम पुलिस नेतृत्व विकसित करने के लिए मार्गदर्शन प्रदान करेंगे।

राजस्थान पुलिस अकादमी के निदेशक संजीब कुमार नार्जारी ने बताया कि यह प्रशिक्षण कार्यक्रम गृह मंत्रालय, भारत सरकार के ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट (बीपीआरडी) द्वारा निर्धारित मॉडल प्रशिक्षण पाठ्यक्रम के आधार पर तैयार किया गया है। प्रशिक्षण को वर्तमान समय की चुनौतियों और आधुनिक पुलिसिंग की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया गया है।

उन्होंने बताया कि 45 सप्ताह की अवधि वाले इस व्यापक प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों को केवल कानून लागू करने तक सीमित न रखते हुए उन्हें तकनीकी रूप से दक्ष, निर्णयक्षम, जनोन्मुखी एवं उत्तरदायी पुलिस अधिकारी के रूप में विकसित करना है, ताकि वे बदलते अपराध स्वरूप और आधुनिक कानून-व्यवस्था संबंधी चुनौतियों का प्रभावी ढंग से सामना कर सकें।

निदेशक नार्जारी ने बताया कि उद्घाटन कार्यक्रम में डीजीपी शर्मा के साथ महानिदेशक पुलिस (प्रशिक्षण) अनिल पालीवाल भी उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारी प्रशिक्षु अधिकारियों को राजस्थान पुलिस की कार्यसंस्कृति, व्यावसायिक मूल्यों, अनुशासन, सेवा भावना एवं आधुनिक पुलिसिंग की प्राथमिकताओं से भी अवगत कराएंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here