गोपुष्टी महायज्ञ व भक्तमाल कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

0
58

जयपुर। सांगानेर स्थित तिवड़िया बालाजी धाम हनुमान मंदिर मैदान में श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर बालयोगी बालकृष्णदास महाराज के सानिध्य में आयोजित गोपुष्टी महायज्ञ एवं भक्तमाल कथा में गुरुवार को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। कथा के दौरान धार्मिक वातावरण के बीच भजन, प्रवचन और रासलीला का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा।

कथा प्रवक्ता आचार्य बालयोगी नोमिनाथ दास महाराज ने भक्तमाल कथा में भगवान श्रीकृष्ण की विभिन्न दिव्य लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने भगवान की जन्म लीला, पूतना वध, गोपियों के साथ रासलीला तथा गोवर्धन लीला सहित अनेक प्रसंगों के माध्यम से श्रद्धालुओं को धर्म, संस्कृति और सनातन मूल्यों का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यज्ञ और कथा जैसे धार्मिक आयोजनों के माध्यम से नई पीढ़ी को संस्कार प्रदान कर भारतीय संस्कृति और सनातन धर्म की रक्षा की जा सकती है।

कथा के दौरान श्रद्धालुओं ने महाराज श्री के मुखारविंद से भजनों का रसास्वादन किया। वहीं शाम को वृंदावन से आए कलाकारों ने मनोहारी रासलीला का मंचन किया, जिसे देखने के लिए देर रात तक श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही।

इस अवसर पर जोई राम सोई राम महाराज ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में कथा एवं महायज्ञ में पहुंचकर सहयोग करने की अपील की।

आयोजकों ने बताया कि 24 जुलाई शुक्रवार को गोपुष्टी महायज्ञ एवं भक्तमाल कथा का समापन होगा। समापन अवसर पर यज्ञ, कथा एवं विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here