पुलिस का डबल एक्शन: हथियारबंद हिस्ट्रीशीटर समेत चार बदमाश गिरफ्तार

0
47
820 liters of illicit turpentine seized from a house in Yashi.
820 liters of illicit turpentine seized from a house in Yashi.

जयपुर। मुहाना थाना पुलिस और जिला विशेष टीम (डीएसटी) ने अवैध हथियार, वाहन चोरी और मंदिर में चोरी की वारदातों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने ‘ऑपरेशन एक्शन अगेंस्ट गन (आग) ‘ के तहत एक हिस्ट्रीशीटर को देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ दबोचा, जबकि अलग-अलग कार्रवाई में मंदिर चोरी और बाइक चोरी के मामलों का खुलासा कर दो चोरी की मोटरसाइकिलें तथा मंदिर से चोरी हुई पीतल की पूजा सामग्री भी बरामद की है।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण) राजर्षि राज ने बताया कि मुहाना थाना पुलिस और डीएसटी दक्षिण ने कार्रवाई के दौरान पुलिस ने रवि मरोठा उर्फ टोम सिंह (26) निवासी अनंतपुरा (कोटा), हाल निवासी हाज्यावाला (सांगानेर) को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से एक देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ मुहाना और मानसरोवर थानों में चोरी, नकबजनी, मारपीट, लूट और आर्म्स एक्ट सहित करीब आधा दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं।

दूसरी कार्रवाई जगन्नाथपुरा स्थित शिव एवं राम मंदिर में हुई चोरी का भी खुलासा करते हुए कमलेश शर्मा (40) निवासी फागी को गिरफ्तार किया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने 24 जुलाई को मुहाना मंडी क्षेत्र से चोरी की गई स्प्लेंडर मोटरसाइकिल का इस्तेमाल कर 26 जुलाई की सुबह मंदिर में चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिल के साथ मंदिर की पीतल की झालर, घंटी और आरती की पूजा सामग्री बरामद कर ली है।

इसके अलावार तीसरी कार्रवाई में वाहन चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाते हुए पुलिस ने निर्भय सिंह मीणा (25) निवासी लखनपुर (भरतपुर), हाल सांगानेर और रोहित कुमार उर्फ सहदेव (22) निवासी कुम्हेर (डीग), हाल सांगानेर को गिरफ्तार किया। दोनों आरोपियों के कब्जे से परिवादी राहुल वर्मा की चोरी हुई मोटरसाइकिल (आरजे-14-जेजे-4017) बरामद की गई।

पुलिस के अनुसार निर्भय सिंह मीणा का आपराधिक इतिहास भी रहा है। वह भरतपुर के सेवर, नदबई तथा बूंदी के इंद्रगढ़ थाना क्षेत्रों में लूट, रंगदारी और अपहरण जैसे गंभीर मामलों में पहले भी गिरफ्तार हो चुका है।

इन मामलों के खुलासे के लिए पुलिस ने मुहाना मंडी, मंदिर परिसर और आसपास के मार्गों पर लगे 700 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। साइबर सेल के हेड कांस्टेबल रामसिंह, लोकेश कुमार और उनकी टीम की तकनीकी सहायता से संदिग्धों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।

पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है। पूछताछ में वाहन चोरी, मंदिर चोरी और अन्य वारदातों से जुड़े कई और मामलों के खुलासे की संभावना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here