विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर 35 हजार 600 पुलिसकर्मियों ने ली शपथ

0
60
World Day Against Trafficking in Persons.
World Day Against Trafficking in Persons.

जयपुर। विश्व मानव तस्करी विरोधी दिवस पर राजस्थान पुलिस ने गुरुवार को राज्यभर में व्यापक जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस महानिदेशक राजीव कुमार शर्मा के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रमों के तहत संयुक्त राष्ट्र मादक द्रव्य एवं अपराध कार्यालय (यूएनओडीसी) की वर्ष 2026 की थीम ‘Trapped Behind the Scam’ के माध्यम से मानव तस्करी और साइबर अपराध के प्रति लोगों को जागरूक किया गया।

राज्य के सभी पुलिस थानों और कार्यालयों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान 35 हजार 600 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने मानव तस्करी के खिलाफ शपथ ली। साथ ही यूएनओडीसी के आधिकारिक लोगो को अपने व्हाट्सएप और एक्स (पूर्व में ट्विटर) प्रोफाइल पर लगाकर जागरूकता संदेश प्रसारित किया।

पुलिस मुख्यालय की सिविल राइट्स एवं एएचटी शाखा ने जयपुर के प्रमुख एफएम चैनलों रेडियो मिर्ची, माय एफएम, एफएम तड़का और रेड एफएम के माध्यम से मानव तस्करी और साइबर अपराध से जुड़े जागरूकता संदेश प्रसारित कराए। वहीं शहर के 14 डिजिटल मॉनिटर पर मानव तस्करी उन्मूलन से संबंधित संदेश और स्लोगन प्रदर्शित किए गए।

इसके अलावा राजस्थान पुलिस अकादमी में एनजीओ के सहयोग से आयोजित विशेष सेमिनार में 500 से अधिक विद्यार्थियों और प्रशिक्षणार्थियों को मानव तस्करी के विभिन्न स्वरूप, साइबर माध्यमों से होने वाली तस्करी, इसके दुष्परिणाम और बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।

डीजीपी राजीव कुमार शर्मा ने कहा कि अभियान का उद्देश्य मानव तस्करी के प्रति जनजागरूकता बढ़ाना और इसके खिलाफ सामूहिक प्रतिबद्धता को मजबूत करना है। पुलिस ने आमजन से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील भी की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here