जयपुर। चांदपोल बाजार स्थित श्री रामचन्द्रजी मंदिर में 31 जुलाई से 8 अगस्त तक श्री पार्वती मंगल एवं श्री शिव तत्व कथा का आयोजन होगा। कथा का वाचन रामशंकर दास वेदांती महाराज के श्रीमुख से प्रतिदिन सायं 4 बजे से रात्रि 8 बजे तक किया जाएगा।
महंत नरेंद्र तिवाड़ी ने बताया कि कथा में भगवान शिव एवं माता पार्वती के दिव्य चरित्र, शिव तत्व तथा सनातन धर्म के आध्यात्मिक सिद्धांतों का सरल एवं भावपूर्ण विवेचन किया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य समाज में धर्म, संस्कृति और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा श्रद्धालुओं को भक्ति और सत्संग से जोड़ना है।
उन्होंने बताया कि कथा में प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। महंत परिवार ने जयपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं से परिवार सहित कथा में शामिल होकर धर्म लाभ प्राप्त करने की अपील की है।



















