जयपुर के दो अंतरराष्ट्रीय फिल्म फेस्टिवल में 110 फिल्में नामांकित

0
33

जयपुर। जयपुर इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल ट्रस्ट की ओर से आयोजित 9वें आर्यन इंटरनेशनल चिल्ड्रन्स फिल्म फेस्टिवल ऑफ जयपुर (एआईसीएफएफ-2026) और 11वें सिक्सटीन इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल्स (16आईएफएफ-2026) के लिए 110 फिल्मों का चयन किया गया है। दोनों फिल्म समारोह 26 और 27 अगस्त को जयपुर में आयोजित होंगे।

दोनों समारोहों के लिए 47 देशों से कुल 527 फिल्में प्राप्त हुई थीं। चयन समिति ने फिल्मों की गुणवत्ता, विषय-वस्तु, रचनात्मकता, प्रस्तुति तथा सामाजिक और मानवीय दृष्टिकोण सहित विभिन्न मानदंडों के आधार पर फिल्मों का चयन किया।

एआईसीएफएफ-2026 के लिए 35 देशों से प्राप्त 250 फिल्मों में से 27 देशों की 49 फिल्मों को प्रतियोगिता के लिए नामांकित किया गया है। इनमें 19 शॉर्ट फिक्शन, 11 फीचर फिक्शन, 6 शॉर्ट एनिमेशन, 3 एनिमेशन फीचर, 4 शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री, 3 डॉक्यूमेंट्री फीचर, 1 डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट, 1 एनिमेशन शॉर्ट और 1 वेब सीरीज शामिल हैं।

16आईएफएफ-2026 के लिए 38 देशों से मिली 277 फिल्मों में से 21 देशों की 61 फिल्मों को प्रतियोगिता के लिए चुना गया है। इनमें 29 शॉर्ट फिक्शन, 13 फीचर फिक्शन, 13 डॉक्यूमेंट्री फीचर, 3 शॉर्ट डॉक्यूमेंट्री, 2 शॉर्ट एनिमेशन और 1 डॉक्यूमेंट्री फिल्म शामिल है।

दोनों समारोहों में चयनित उपयुक्त फिल्मों की जयपुर के विभिन्न स्कूलों में विशेष स्क्रीनिंग भी की जाएगी। इसके जरिए विद्यार्थियों को देश-विदेश की गुणवत्तापूर्ण फिल्मों से जोड़ने के साथ शिक्षा, रचनात्मकता, सामाजिक जागरूकता और मानवीय मूल्यों को बढ़ावा दिया जाएगा। फिल्मों में बच्चों, परिवार, शिक्षा, पर्यावरण, सामाजिक सरोकार, साहसिक कथाओं, कल्पना और मानवीय मूल्यों जैसे विविध विषय शामिल हैं।

ट्रस्ट के प्रबंध न्यासी हनु रोज ने बताया कि एआईसीएफएफ और 16आईएफएफ के माध्यम से जयपुर को बच्चों, युवाओं और अंतरराष्ट्रीय फिल्मकारों के बीच फिल्म एवं सांस्कृतिक संवाद के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रयास जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here