राजस्थान पुलिस की 25 महिला कार्मिक लेंगी एनएसजी का 12 सप्ताह का कमांडो प्रशिक्षण

0
51

जयपुर। राजस्थान पुलिस के आरएसी एवं एमबीसी कैडर से चयनित 25 महिला पुलिस कार्मिक राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के प्रशिक्षण केन्द्र मानेसर में 12 सप्ताह का गहन कमांडो प्रशिक्षण प्राप्त करेंगी। प्रशिक्षण 24 अगस्त से 13 नवम्बर तक आयोजित किया जाएगा।

प्रशिक्षण के लिए रवाना होने से पूर्व रविवार को पांचवीं बटालियन आरएसी घाटगेट जयपुर के प्रांगण में इन महिला कार्मिकों को अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक आर्म्स बटालियन्स राजस्थान रूपेन्द्र सिंघ ने ब्रीफ किया। उन्होंने राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड से प्राप्त होने वाले कमांडो प्रशिक्षण की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए जवानों को प्रशिक्षण के दौरान कड़े अनुशासन, अत्याधुनिक हथियार तकनीक और जीरो एरर की नीति को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के लिए प्रेरित किया।

एडीजी सिंघ ने कहा कि कमांडो प्रशिक्षण का उद्देश्य जवानों को ऐसी दक्षता प्रदान करना है। जिससे वे चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में नागरिकों की सुरक्षा के लिए पूरी क्षमता और आत्मविश्वास के साथ कार्य कर सकें। उन्होंने “सर्वत्र सर्वोत्तम सुरक्षा” के मूल मंत्र पर महिला कार्मिकों को ब्रीफ करते हुए उन्हें प्रशिक्षण के लिए शुभकामनाएं दीं।

इसके बाद एडीजी रूपेन्द्र सिंह ने सभी 25 महिला कार्मिकों को राजकीय वाहन से राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड प्रशिक्षण केन्द्र, मानेसर (हरियाणा) के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उप महानिरीक्षक पुलिस आरएसी विनित बंसल तथा चतुर्थ एवं पांचवीं बटालियन आरएसी के कमाण्डेन्ट उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here